बंगाल में नई बाबरी का निर्माण शुरू, टीएमसी से निलंबित सांसद हुमायूं कबीर बोले- 'विरोध करने वाले पीछे हट जाएं'

बीजेपी ने इसे राज्य में सांप्रदायिक तनाव भड़काने का प्रयास बताया और कहा कि यह टीएमसी की सोची-समझी चाल है. पार्टी ने कहा कि कबीर टीएमसी के साथ काम कर रहे हैं और उनका कथित मतभेद वोटों को बांटने की एक चाल है.

ani
Sagar Bhardwaj

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की नकल के तौर पर नई बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू हो गया है. बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता हुमायूं कबीर ने फीता काटकर मस्जिद निर्माण की  नींव रखी. पूर्व टीएमसी नेता ने कहा कि दो साल के भीतर मस्जिद बनकर तैयार होने की उम्मीद है. कबीर ने कहा, 'दो सालों के भीतर मस्जिद का निर्माण होने की उम्मीद है. अल्लाह के फजलो करम से हमारी मस्जिद बनकर तैयार होगी.' 

विरोध करने वाले एक तरफ हट जाएं

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो इस निर्माण का विरोध कर रहे हैं वो एक तरफ हट जाएं. उन्होंने कहा, 'लोगों को अपने धर्म का पालन करने और मंदिर, चर्चा या जो भी वो चाहते हैं बनाने का अधिकार है. मैं इस्लाम के नाम पर किसी का विरोध नहीं करूंगा.'

बता दें कि हुमायूं कबीर ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित 16वीं सदी की बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण की अपनी योजनाओं की घोषणा कर एक नया राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था. इस मस्जिद को दिसंबर 1992 में दक्षिणपंथी भीड़ ने ध्वस्त कर दिया था. हुमायूं के ऐलान के बाद बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच मंदिर बनाम मस्जिद को लेकर बहस तेज हो गई.

टीएमसी ने कबीर को किया निलंबित

टीएमसी ने कबीर को पार्टी से निलंबित कर दिया था. इसके जवाब में कबीर ने अपनी खुद की पार्टी जनता उन्नयन पार्टी बनाने की बात कही और कहा कि बंगाल में उनकी पार्टी तुरुप का इक्का साबित होगी. उन्होंने घोषणा की किउनकी पार्टी 2026 के बंगाल चुनाव में कुल 249 सीटों में से 135 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और टीएमसी को हराएगी.

बीजेपी बोली- यह सांप्रदायिक तनाव भड़काने का प्रयास

वहीं बीजेपी ने इसे राज्य में सांप्रदायिक तनाव भड़काने का प्रयास बताया और कहा कि यह टीएमसी की सोची-समझी चाल है. पार्टी ने कहा कि कबीर टीएमसी के साथ काम कर रहे हैं और उनका कथित मतभेद वोटों को बांटने की एक चाल है. बीजेपी प्रमुख सामिक भट्टाचार्य ने दावा कहा कि कबीर का कोई प्रभाव नहीं होगा...उन्हें तृणमूल से करारी हार का सामना करना पड़ेगा जिसके साथ वे गुप्त रूप से संपर्क में हैं.