थाईलैंड के एक स्कूल में अंधाधूंध फायरिंग, 3 लोग घायल; हमलावर गिरफ्तार

स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि आरोपी सोंगख्ला प्रांत के हाट याई इलाके में स्थित स्कूल में हथियार लेकर घुसा था. डिप्टी सुपरिंटेंडेंट विचियन सोबून ने मीडिया को बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Social Media
Anuj

नई दिल्ली:  दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई शहर में बुधवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम करीब 4:45 बजे प्रथान खिरिवत स्कूल में हुई, जब एक 18 वर्षीय युवक हथियार लेकर स्कूल परिसर में घुस गया और फायरिंग शुरू कर दी. इस अचानक हुई गोलीबारी से स्कूल में मौजूद छात्र, शिक्षक और कर्मचारी दहशत में आ गए.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में स्कूल के निदेशक और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इसके अलावा कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घायलों की कुल संख्या को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंच गए और पूरे स्कूल को घेर लिया गया.

पुलिस ने हमलावर को पकड़ा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को कुछ ही समय में हिरासत में ले लिया गया है. राहत की बात यह रही कि आरोपी द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि आरोपी सोंगख्ला प्रांत के हाट याई इलाके में स्थित स्कूल में हथियार लेकर घुसा था. डिप्टी सुपरिंटेंडेंट विचियन सोबून ने मीडिया को बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

हमले में 3 लोग हुए घायल

एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस गोलीबारी की घटना में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया.

2022 में घटी थी भयावह घटना

गौरतलब है कि थाईलैंड इससे पहले भी ऐसी भयावह घटना हो चुकी है. साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने एक नर्सरी स्कूल में बंदूक और चाकू से हमला कर दिया था, जिसमें 22 बच्चों समेत 36 लोगों की जान चली गई थी. ताजा घटना के बाद एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा और युवाओं में बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.