Ayodhya: राम मंदिर को लेकर मिली एक और खुशखबरी, जानें CM योगी ने किसे कहा धन्यवाद

Ayodhya Ram Temple: अयोध्या में प्रभु श्री राम का निर्माणाधीन भव्य एवं दिव्य मंदिर आज विद्युत कनेक्शन से परिपूर्ण हो गया. सीएम योगी ने ये जानकारी दी है. 

Amit Mishra

Ram Mandir in Ayodhya: अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं. इस बीच अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम का निर्माणाधीन भव्य एवं दिव्य मंदिर आज विद्युत कनेक्शन से परिपूर्ण हो गया. इस राष्ट्र मंदिर को जगमग करने का अभूतपूर्व कार्य करने वाले उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) का धन्यवाद!”

'जय श्री राम' 

योगी आदित्यनाथ ने आगे लिखा, “इस बहुप्रतीक्षित रामकाज के संपन्न होने की सभी रामभक्तों एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई! जय श्री राम!”

22 जनवरी 2024 का दिन होगा अहम 

वहीं, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने सीएम योगी के ट्विट को रिट्विट करते हुए उनका धन्यवाद किया है. मालूम हो कि अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होने वाली है. इस आयोजन में भाग लेने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट ने करीब 3 हजार VVIP लोगों आमंत्रण भेजा है. इस मौके को खास बनाने के लिए देश और दुनिया के विशिष्ट और अति विशिष्ट मेहमानों को भी आमंत्रित किया जा रहा है. 

पीएम मोदी होंगे शामिल 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे. राम मंदिर के निर्माण में लगे लगभग ढाई सौ मजदूर और सुपरवाइजर को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आमंत्रित किया जाएगा. इसके अलावा राम मंदिर आंदोलन के समय जिन लोगों की मृत्यु हुई उनके परिजनों को भी राम मंदिर ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आमंत्रित करेगा.