Ayodhya Ke Ram: राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूरी अयोध्या (Ayodhya) नगरी को भव्य और सुंदर तरीके से सजया संवारा गया है. राम मंदिर समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), क्रिकेटर, उद्योगपति, संत, मशहूर हस्तियां और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों न्योता दिया गया है. अमेरिका, यूके सहित विभिन्न देशों में भी प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया जाएगा.
22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए न्यूनतम विधि-अनुष्ठान निर्धारित किए गए हैं. श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से कहा गया है कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह सुबह 10 बजे से 'मंगल ध्वनि' के भव्य वादन से शुरू होगा. देश के विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र लगभग 2 घंटे मनोरम धुन बिखरेंगे.
22 जनवरी, सोमवार, पौष मास के शुक्ल पक्ष की कूर्म द्वादशी की तिथि है. कुर्म द्वादशी के प्राण प्रतिष्ठा शुभ है और इससे मंदिर को स्थायित्व प्रदान होगा साथ ही युगों-युगों तक इसका यश रहेगा. इसी तरह से मृगषिरा या मृगशीर्ष नक्षत्र में रामलला की स्थापना की जा रही है. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा इस मुहूर्त में करने से राष्ट्र का कल्याण होगा.
प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को 10:30 बजे तक रामजन्मभूमि परिसर में एंट्री करनी होगी. श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से बताया गया है कि उसकी तरफ से जारी निमंत्रण पत्र से ही प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा ले पाएंगे. केवल निमंत्रण पत्र से गेस्ट प्रवेश नहीं कर पाएंगे. निमंत्रण कार्ड पर बने क्यूआर कोड के मिलान के बाद ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी.
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की विधि दोपहर 12:20 बजे से शुरू होगी. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में होगी. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय काशी के विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ द्वारा निर्धारित की गई है. शुभ मुहूर्त 12 बजकर 29 मिनट एवं 08 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट एवं 32 सेकंड तक का रहेगा. प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त मात्र 84 सेकंड का होगा. प्राण प्रतिष्ठान अनुष्ठान काशी के प्रख्यात वैदिक आचार्य गणेश्वर द्रविड़ एवं आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित के निर्देशन में 121 वैदिक आचार्य द्वारा कराए जाएंगे.
प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम दोपहर एक बजे तक समाप्त हो जाएगा. सभी पूजा-विधि समाप्त होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख मोहन भागवत संदेश देंगे. श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास भी इस अवसर पर अपना वक्तव्य रखेंगे.
पीएम मोदी का सोमवार को 4 घंटे अयोध्या में रहने का कार्यक्रम है. पीएम सुबह 10:25 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे. 10:55 पर राम जन्मभूमि पहुंचने के बाद पीएम प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे. एक बजे पीएम मोदी का संबोधन होगा. 2:10 पर पीएम कुबेर टीला का दर्शन कर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी पर 5 लाख दिये प्रज्जवलित किए जाने का कार्यक्रम हैं. इसके साथ ही दुकानों, प्रतिष्ठानों, मकानों और पौराणिक स्थलों पर ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित की जाएगी. रामलला, हनुमानगढ़ी, गुप्तारघाट, सरयू तट, कनक भवन, लता मंगेशकर चौक, मणिराम दास छावनी समेत 100 मंदिरों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे.