IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

दिल्ली की मंत्री आतिशी अस्पताल में भर्ती, भूख हड़ताल के कारण तबीयत बिगड़ी; जानें हेल्थ अपडेट

Atishi Health Updates: दिल्ली की मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आतिशी 22 जून को हरियाणा सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी थीं. फिलहाल, आतिशी को आज तड़के राष्ट्रीय राजधानी के लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया है. आतिशी का कहना है कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रहा है. इसी को लेकर उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी.

Social Media
India Daily Live

Atishi Health Updates: दिल्ली की मंत्री आतिशी को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे हरियाणा सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थीं, जिसमें 100 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) पानी नहीं छोड़ने से राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट पैदा हो गया. आतिशी को मंगलवार यानी आज तड़के राष्ट्रीय राजधानी के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया.

आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को अपने 5वें दिन में प्रवेश कर गई. उन्होंने कहा कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रहा है. इससे पहले 22 जून को आतिशी ने हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का पानी छोड़ने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी.

कैसी है आतिशी की तबीयत, क्या बोले डॉक्टर्स?

आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि डॉक्टरों ने आतिशी को उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है. AAP ने कहा कि जिस तेजी से आतिशी का ब्लड शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर गिरा है, उसे डॉक्टरों ने खतरनाक बताया है.

28 लाख दिल्लीवासियों के पानी के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठीं जल मंत्री आतिशी ने कहा है कि जब तक हरियाणा सरकार दिल्लीवासियों के जल अधिकार नहीं देती और हथिनीकुंड बैराज के गेट नहीं खोले जाते, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी.

AAP ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी राज्य हरियाणा हर दिन 100 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) कम पानी की आपूर्ति कर रहा है, जिससे दिल्ली में 28 लाख लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे पानी की कमी की समस्या बढ़ गई है. 

AAP ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

AAP के एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें मेडिकल टीम आतिशी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाती दिख रही है. वीडियो शेयर कर AAP की ओर से लिखा गया है कि पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठीं आतिशी की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. AAP ने लिखा कि उनका ब्लड शुगर लेवल आधी रात को 43 और सुबह 3 बजे 36 तक गिर गया. LNJP अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें भर्ती करने की सलाह दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं.