menu-icon
India Daily

टनल से निकलते ही मचा मौत का तांडव, लोहे की सरियों ने आर-पार कर दी स्कॉर्पियो; एक की गई जान

हिमाचल प्रदेश के अटल टनल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो निर्माणाधीन पुल से टकरा गई. हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हुई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
टनल से निकलते ही मचा मौत का तांडव, लोहे की सरियों ने आर-पार कर दी स्कॉर्पियो; एक की गई जान
Courtesy: @mksh_prsd

हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के पास बुधवार देर रात हुआ एक सड़क हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ. कुछ ही सेकेंड में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वाहन की हालत देखकर मौके पर पहुंचे लोग भी सन्न रह गए. हादसे में एक पर्यटक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन नियंत्रण खोने के बाद निर्माणाधीन पुल से जा टकराया.

निर्माणाधीन पुल से टकराई स्कॉर्पियो

पुलिस के अनुसार हादसा अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ. राजस्थान और उत्तर प्रदेश के चार लोग स्कॉर्पियो से मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे. टनल से बाहर निकलने के कुछ देर बाद वाहन कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गया और मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका.

लोहे की सरियां वाहन के आर-पार हो गईं

अनियंत्रित स्कॉर्पियो चंद्रा नदी की ओर बढ़ते हुए निर्माणाधीन पुल के ढांचे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां लगी कई लोहे की सरियां वाहन को चीरते हुए आर-पार निकल गईं. हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुर्घटना की भयावह तस्वीर दिखाई दे रही है.

राजस्थान के पर्यटक की हुई मौत

इस हादसे में 34 वर्षीय कैलाश, जो राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले थे, की मौके पर ही मौत हो गई. घायलों में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य, राजस्थान के राजेंद्र और स्कॉर्पियो चला रहे सिद्धार्थ शामिल हैं. राजेंद्र और सिद्धार्थ भी सीकर के रहने वाले बताए गए हैं.

रेस्क्यू के बाद अस्पताल पहुंचाए गए घायल

सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की है. परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शव सौंपा जाएगा.

पुलिस ने पर्यटकों से की सावधानी बरतने की अपील

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड मानी जा रही है. पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में तेज रफ्तार और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें. खासकर मानसून के दौरान सड़कें फिसलन भरी होती हैं और दृश्यता कम होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है.