"विपक्ष में रहते तड़प ऐसी जैसे बिना पानी के मछली....", खड़गे के लाल किले न पहुंचने पर अनुराग ठाकुर का बड़ा बयान
Independence Day 2023: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल के नेता अगर स्वतंत्रता दिवस पर नहीं आते हैं तो इससे कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है.
नई दिल्ली:15 अगस्त के मौके पर पीएम मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण कर देश को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कई मुद्दों का जिक्र किया. इस कार्यक्रम में कई दिग्गज नेता शामिल हुए लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही. अब इसी मुद्दे को लेकर सियासत तेज हो चली है.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि "प्रमुख विपक्षी दल के नेता अगर स्वतंत्रता दिवस पर नहीं आते हैं तो इससे कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है. अब आजादी के इस 77वें स्वतंत्रता दिवस पर अगर देश के प्रमुख विपक्षी दल के नेता नहीं आते हैं, राज्यसभा में प्रमुख विपक्षी दल के नेता हैं, वह नहीं आते हैं तो आप कल्पना कर सकते हैं कि कांग्रेस की मानसिकता क्या है. जब वह सत्ता में थे तब उनकी सोच क्या थी. आज विपक्ष में बैठे हैं तो वैसे ही तड़प रहे हैं जैसे बिना पानी के मछली तड़पती है"
समारोह में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि "उन्हें आखों में कुछ समस्या है और उन्हें अपने आवास पर भी ध्वजारोहण करना था. इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय में झंडा फहराना था. उन्होंने कहा कि सुरक्षा इतनी कड़ी होती है कि प्रधानमंत्री के निकलने से पहले किसी को जाने नहीं दिया जाता. अगर वहां जाते तो कार्यालय पर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाते"
एआईसीसी मुख्यालय में ध्वजारोहण के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधा. खड़गे ने कहा कि राष्ट्र निर्माण एक सतत प्रक्रिया है. हमारे आजादी के महान नायकों ने इस सपने को साकार किया है.आज कल कुछ लोग जताते हैं कि भारत की प्रगति कुछ वर्षों में हुई ही नहीं है लेकिन वे गलत सोचते हैं. जब यहां सुई भी नहीं बनती थी तब पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू जी ने इस्पात संयंत्र स्थापित किए, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां बनाई, देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए. उन्होंने IIT, IIM, AIIMS, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो की भी स्थापना की और देश में परमाणु अनुसंधान की नींव रखी.
यह भी पढ़ें: Akshay kumar: एक्टर अक्षय कुमार को मिली भारतीय नागरिकता, बोलें- दिल और नागरिकता दोनों हिंदुस्तानी