पाकिस्तान से लौटने के बाद भिवाड़ी नहीं पहुंचीं अंजू नसरुल्ला, बेटी-बेटे ने कहा- नहीं मिलना चाहते
अरविंद ने पहले ही अंजू से मिलने से इनकार कर दिया है. वहीं, अंजू के पिता ने भी उससे किसी तरह का मतलब नहीं होने की बात कही थी. ऐसे में सवाल ये है कि दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद अंजू आखिर कहां गई?
Anju Nasrullah not reach Bhiwadi after returning from Pakistan: पाकिस्तान से लौटी अंजू राजस्थान के भिवाड़ी नहीं पहुंची है. मंगलवार को अंजू के वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटी. इसके बाद पंजाब पुलिस की खुफिया टीम और आईबी ने अंजू से अमृतसर में पूछताछ के बाद उसे बुधवार को दिल्ली जाने की इजाजत दे दी. इसके बाद अंजू से दिल्ली में भी पूछताछ की गई. दिल्ली एयरपोर्ट पर ही अंजू से मीडिया ने कुछ सवाल किए थे, जिसका जवाब देने से वो बचती दिखी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर बातचीत के दौरान अंजू ने कहा था कि वो अपने बच्चों से मिलने आई है. अगर बच्चे कहेंगे, तो वो उन्हें अपने साथ पाकिस्तान ले जाएगी. इसके बाद वो बच्चों से मुलाकात के लिए भिवाड़ी निकल गई. लेकिन फिलहाल वो भिवाड़ी नहीं पहुंची है. अंजू भिवाड़ी में जहां अपने पति अरविंद और दो बच्चों के साथ रहती थी, वहां पुलिस का पहरा लगा है. आने-जाने वालों पर सख्ती से नजरें रखी जा रही है.
पति-पिता के घर नहीं, तो फिर कहां गई पाक से लौटी अंजू?
उधर, अंजू अपने जिन दोनों बच्चों से मिलने आई है, उन्होंने ही उससे मिलने से इनकार कर दिया है. अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल के बेटे ने कहा है कि वो उससे नहीं मिलना चाहते. बता दें कि अरविंद ने पहले ही अंजू से मिलने से इनकार कर दिया है. वहीं, अंजू के पिता ने भी उससे किसी तरह का मतलब नहीं होने की बात कही थी. ऐसे में सवाल ये है कि दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद अंजू आखिर कहां गई?
भिवाड़ी के एएसपी बोले- अंजू की गिरफ्तारी भी हो सकती है
भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सैनी ने कहा कि अंजू के मामले की जांच चल रही है और लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अंजू से पूछताछ की जा सकती है और उसे गिरफ्तार भी किया जा सकता है.
बता दें कि जुलाई के आखिर में अंजू नसरुल्ला से शादी करने के लिए पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा चली गई थी. पाकिस्तान जाने के बाद अंजू ने कहा था कि वो अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने के लिए आई है. बाद में दावा किया गया कि अंजू ने अपने पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है और अपना नाम फातिमा रख लिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंजू का फिलहाल अरविंद से तलाक नहीं हुआ है. तलाक की प्रक्रिया में तीन से पांच महीने का वक्त लग जाता है. अंजू को भारत आने के लिए सिर्फ एक महीने का अनापत्ति प्रमाण पत्र मिला है.