'जीतने के बाद तो देखा है, पहली बार हारकर अहंकार आ गया...', झारखंड में बोले अमित शाह
अमित शाह ने कहा हम लगातार तीसरी बार जीते हैं और ये ऐसे नेता हैं जो हार को मानने को तैयार नहीं है. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि भाई किस चीज का अहंकार पाले हो क्या आपको इस देश में 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले करने का अहंकार है? उन्होंने कहा, उन्हें जो करना हैं करें लेकिन मैं अपने देव-दुर्लभ कार्यकर्ताओं को बताने आया हूं कि अगर देश में भारतीय जनता पार्टी कहीं भी कोई चुनाव जीतती है तो चुनाव जीतने का आधार मंच पर बैठे नेता नहीं बल्कि बूथ लेवल का कार्यकर्ता होता है.
Ranchi News: झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. आगामी चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रांची में बीजेपी कार्य समिति को संबोधित किया जहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला.उन्होंने कहा साथियों कई बार हम देखते हैं कि प्रजातंत्र में चुनाव जीतने के बाद अहंकार आ जाता है, झारखंड की सत्ता में इस तरह के लोग मौजूद हैं लेकिन चुनाव हारने के बाद अहंकार आ जाए, ऐसा मैंने पहली बार देखा है.
संसद में राहुल गांधी की हरकतें देखिए
उन्होंने कहा चुनाव कौन जीता, हर कोई इस बारे में जानता है लेकिन कांग्रेस का अहंकार देखिये, संसद में राहुल गांधी की हरकतें देखिए. दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद भी लोगों में इतना अहंकार नहीं आता.
पूरे इंडिया अलायंस को 240 सीटें नहीं मिली
पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला है और बीजेपी को 240 सीटें मिलीं, जबकि दूसरी तरफ पूरे इंडिया अलायंस को 240 सीटें नहीं मिलीं. फिर किसी चीज का अहंकार पालते हो. अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को 2014, 2019 और 2024 में कुल मिलाकर जितनी सीटें मिली उससे ज्यादा सीटें बीजेपी को अकेले 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हैं.
आपको किस चीज का अहंकार है
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा हम लगातार तीसरी बार जीते हैं और ये ऐसे नेता हैं जो हार को मानने को तैयार नहीं है. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि भाई किस चीज का अहंकार पाले हो क्या आपको इस देश में 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले करने का अहंकार है? क्या इस देश में परिवारवाद चलना का अहंकार है, देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का अहंकार है या इस देश में तुष्टिकरण की राजनीति करने का अहंकार है. आपको किस बात का अहंकार है?
बीजेपी के चुनाव जीतने का आधार बूथ लेवल का कार्यकर्ता है
अमित शाह ने कहा उन्हें जो करना हैं करें लेकिन मैं अपने देव-दुर्लभ कार्यकर्ताओं को बताने आया हूं कि अगर देश में भारतीय जनता पार्टी कहीं भी कोई चुनाव जीतती है तो चुनाव जीतने का आधार मंच पर बैठे नेता नहीं बल्कि बूथ लेवल का कार्यकर्ता होता है.