15 किमी के दायरे में बने सभी अवैध निर्माण पर चलाएं बुलडोजर, गृह मंत्री अमित शाह ने दिए निर्देश

मंगलवार को बीकानेर में एक सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए शाह ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर राजस्थान के सीमाई जिलों में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का मूल्यांकन किया.

X
Sagar Bhardwaj

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश किया है कि देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के 15 किलोमीटर के दायरे में बने अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर ध्वस्त किया जाए. अधियारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने जिलाधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में सभी बैंकों द्वारा बैंकिंग लेनदेन के कानूनी और वित्तीय अनुपालन को सुनिश्चित करने, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सत्यापन करने, उनके वित्तपोषण स्रोतों की जांच करने, फर्जी खातों और फर्जी कंपनियों का पता लगाने, फर्जी आधार कार्डों की पहचान करने  और सीमा पार तस्करी को नियंत्रित करने की बढ़ी हुई जिम्मेदारी सौंपी है.

मंगलवार को बीकानेर में एक सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए शाह ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर राजस्थान के सीमाई जिलों में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का मूल्यांकन किया. बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और पांच सीमावर्ती जिलों बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्री गंगानगर और फलोदी के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे.

360 डिग्री सुरक्षा कवच तैयार करने पर जोर

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सीमावर्ती जिलों को अपराधों और मादक पदार्थों की समस्या से स्रोतों, स्वरूपों और नेटवर्क का गहन अध्ययन करके और स्थायी समाधान विकसित करने का निर्देश दिया गया है ताकि ये समस्याएं दोबारा ना उभरें. गृह मंत्री ने नागरिकों, सरकारी तंत्र और सुरक्षा एजेंसियों को शामिल करने हुए प्रत्येक सीमावर्ती जिले के लिए 360 डिग्री सुरक्षा कवच तैयार करने पर जोर दिया.

दो महीने बाद फिर होगी समीक्षा

मंत्रालय ने कहा कि इन मुद्दों पर दो महीने बाद फिर से समीक्षा और प्रतिक्रिया ली जाएगी. इसलिए सभी जिलों को परिणाम देने होंगे.