"गठबंधन हो या ना हो,सभी सात सीटों पर खुद को करेंगे मजबूत... AAP नासमझ है तो मैं क्या करूं?", संदीप दीक्षित का बड़ा बयान

Delhi politics: कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि हमारा रुख यह है कि हम AAP पर भरोसा नहीं कर सकते. उनकी राजनीति में भ्रष्टाचार है.आम आदमी पार्टी नासमझ है. उसे भाषा की समझ नहीं है.

Avinash Kumar Singh

नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई में तीसरी बैठक होने वाली है. यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी. उसके पहले अलका लांबा ने दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने का बयान देकर सियासी भूचाल ला दिया है. अलका लंबा के इस बयान के बाद कांग्रेस और आप के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है. इसी बीच आप और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर दिल्ली कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित का बड़ा बयान सामने आया है.

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि " हमारा रुख यह है कि हम AAP पर भरोसा नहीं कर सकते. उनकी राजनीति में भ्रष्टाचार है.आम आदमी पार्टी नासमझ है. उसे भाषा की समझ नहीं है. कांग्रेस ने ये नहीं कहा कि हम दिल्ली की सातों सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. हमारी पार्टी ने कहा कि हम सातों सीटों पर तैयारी करेंगे. तैयारी तो सभी पार्टियां करती हैं. चुनावी तैयारी हर पार्टी गठबंधन की परवाह किए बिना करती है. कितने सीटों पर चुनाव लड़ना है यह तो गठबंधन बनेगा तो तय होगा कि कौन किस सीट पर चुनाव लड़ेगा. दो दिन पहले कांग्रेस नेताओं की जो बैठक हुई है. वो हमारी पार्टी को मजबूत करने को लेकर थी. कांग्रेस की उस बैठक में गठबंधन पर चर्चा नहीं हुई है"

अलका लांबा के इस बयान के बाद दिल्ली में सियासत तेज हो गयी. आम आदमी पार्टी ने अलका लांबा पर कड़ा ऐतराज जताया. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन का हिस्सा है. हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं पार्टी के प्रवक्ता बयान देते रहते हैं.

यह भी पढ़ें: अमेठी में स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनावी ताल ठोकेंगे राहुल गांधी, कांग्रेस ने किया बड़ा ऐलान