पश्चिम एशिया के तनाव के बीच हवाई सफर हुआ महंगा, अकासा एयर ने भी लगाया 'फ्यूल सरचार्ज'
पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव का प्रभाव साफ देखने को मिला है. भारतीय एविएशन सेक्टर में आसमान छू रहे हवाई किराए...
India News: अगर आप आने वाले दिनों में कहीं हवाई यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं, तो अपना बजट थोड़ा बढ़ा लीजिए. पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच हो रहे युद्ध का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है. एयरलाइंस पर बढ़ते दबाव के कारण उन्होंने यह रूख अपनाया है. आपको बता दें कि इंडिगो ने भी इससे पहले फ्यूल सरचार्ज को जोड़ा था. अब आकासा एयर ने भी यह बढ़ा फैसला ले लिया है. भारतीय लोगों से खास अपील है कि वह अपने बजट को ध्यान में रखकर सफर की तैयारी करें.
एविएशन टर्बाइन फ्यूल कीमतों में उछाल
इस भू-राजनीतिक अस्थिरता और क्षेत्रीय आपूर्ति में रुकावटों के कारण दुनिया भर में एविएशन टर्बाइन फ्यूलकी कीमतों में अचानक तेज उछाल आया है. आपको बता दें कि किसी भी एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च का लगभग 40% हिस्सा सिर्फ एटीएफ (ATF) का होता है. ऐसे में बढ़ते खर्च के दबाव को कम करने के लिए भारत की लगभग सभी प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के टिकट पर फ्यूल सरचार्ज जोड़ना शुरू कर दिया है.
आइए नजर डालते हैं कि आपकी पसंदीदा एयरलाइन ने टिकटों को कितना महंगा किया है:
अकासा एयर (Akasa Air)
- 15 मार्च, 2026 से सभी नई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बुकिंग पर 199 रुपए से लेकर 1,300 रुपए तक का सरचार्ज लागू कर दिया गया है.
- यह अतिरिक्त शुल्क आपकी उड़ान की अवधि और सेक्टर के आधार पर तय होगा.
- भारतीय बाजार में 5% हिस्सेदारी रखने वाली अकासा एयर का मुख्य फोकस मध्य पूर्व (दोहा, कुवैत, जेद्दा, रियाद और अबू धाबी) पर है, जिस कारण इस एयरलाइन पर मौजूदा संकट का सबसे ज़्यादा असर है.
इंडिगो (IndiGo)
- देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी 14 मार्च से टिकटों पर सेक्टर-आधारित चार्ज लगाना शुरू कर दिया है.
- घरेलू और भारतीय उपमहाद्वीप की उड़ानों के लिए आपको 425 अतिरिक्त चुकाने होंगे, जबकि यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए यह चार्ज बढ़कर 2,300 रुपए तक पहुंच गया है.
एयर इंडिया और एआई एक्सप्रेस (Air India & AI Express)
- एयर इंडिया ने 12 मार्च, 2026 से घरेलू और सार्क (SAARC) देशों के मार्गों पर 399 रुपए का सरचार्ज लागू कर दिया है.
- अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर: पश्चिम एशिया के लिए $10 और दक्षिण पूर्व एशिया के लिए चार्ज $40 से बढ़ाकर $60 कर दिया गया है.
- बी दूरी के यात्रियों को बड़ा झटका: 18 मार्च से यूरोप के लिए सरचार्ज $125 और उत्तरी अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया के लिए $200 हो जाएगा.
वैश्विक स्तर पर तनाव
इससे साफ पता चलता है कि जब तक वैश्विक स्तर पर तनाव कम नहीं होता और ईंधन की आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक सस्ते हवाई सफर की उम्मीद करना बेमानी है. तो अगली बार जब आप टिकट बुक करें, तो इन अतिरिक्त शुल्कों को ध्यान में रखकर ही अपनी ट्रिप का बजट बनाएं. एयरलाइंस भी मौजूदा हालात पर बारीक नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में इन शुल्कों की समीक्षा की जा सकती है.