आठ घंटे हवा में रहने बाद दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान, बीच रास्ते में आई तकनीकी खराबी; सैन फ्रांसिस्को जा रही थी फ्लाइट
नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI173 तकनीकी खराबी के कारण 8 घंटे हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौट आई. विमान में 230 यात्री सवार थे. एयर इंडिया ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है.
नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए निकला एयर इंडिया का विमान 8 घंटे हवा में रहने के बाद बीच रास्ते से लौट आया. विमान में 230 यात्री सवार थे. बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण वापस लौटने का फैसला लेना पड़ा. एयर इंडिया ने कहा कि है इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई है, सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं. अब विमान की तकनीकी जांच की जाएगी. एयरलाइंस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
बुधवार सुबह रवाना हुई थी एयर इंडिया की फ्लाइट
एयर इंडिया ने बताया कि नई दिल्ली से सैनफ्रांसिस्को के लिए फ्लाइट संख्या AI173 बुधवार सुबह रवाना हुई थी. बीच रास्ते में विमान में तकनीकी खराबी आने पर फ्लाइट आठ घंटे बाद वापस दिल्ली लौट आई. विमान सुरक्षित रूप से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड कर गया है. ग्राउंड टीमें तय मानकों के मुताबिक विमान की जांच में जुट गई हैं. यात्री और क्रू, सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं, और यही एयरलाइंस की प्राथमिकता है.
एयरलाइंस ने असुविधा के लिए खेद भी जताया
एयर इंडिया ने अपने बयान में यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है. एयरलाइंस ने कहा है कि यात्रियों को जो असुविधा हुई है उसके लिए हमे खेद है, जल्द ही यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है. एयरलाइंस ने कहा कि यात्रियों को हमारी टीम जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं. यात्रियों की पसंद जानने के बाद उनके लिए होटल में ठहरने और फिर फ्लाइट रीशेड्यूल करने का विकल्प भी दिया गया है.