T20 World Cup 2026

3 करोड़ रुपए की व्हेल की 'उल्टी' के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एम्बरग्रीस को बेचने के लिए ढूंढ रहे थे खरीदार

अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक बड़ी कार्रवाई में 2.976 किलो प्रतिबंधित एम्बरग्रीस (स्पर्म व्हेल की उल्टी) जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.98 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है.

web
Kuldeep Sharma

गुजरात के अहमदाबाद जिले में रविवार को एक बार फिर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की SOG ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को दबोचा और उनके कब्जे से करीब 3 किलो एम्बरग्रीस बरामद किया. यह वही प्रतिबंधित पदार्थ है जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘व्हेल की उल्टी’ कहा जाता है और परफ्यूम बनाने में इस्तेमाल किया जाता है. भारत में इसका व्यापार पूरी तरह प्रतिबंधित है क्योंकि यह दुर्लभ और संरक्षित स्पर्म व्हेल से जुड़ा है.

जानकारी के अनुसार अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एम्बरग्रीस लेकर खरीददार तलाश रहे हैं. इसके बाद पुलिस की SOG टीम ने सर्खेज-साणंद हाईवे के पास गीबपुरा गांव में छापा मारा. यहां से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया कि उनके पास 2.976 किलो एम्बरग्रीस था, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2.98 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश तुलसी मकवाना (30) निवासी भावनगर और पंटुकुमार भरतभाई पटेल (37) निवासी साबरमती, अहमदाबाद के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक इन दोनों को यह एम्बरग्रीस भावनगर निवासी भरत वल्लभ सरवैया ने उपलब्ध कराया था. आरोपी इसे बेचने के लिए संभावित खरीदारों की तलाश कर रहे थे. तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन और थोड़ी नकदी भी जब्त की है.

फॉरेंसिक जांच और कानूनी कार्रवाई

बरामद एम्बरग्रीस को फॉरेस्ट विभाग और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) के विशेषज्ञों ने जांच कर प्रमाणित किया. इसके बाद आरोपियों को वन विभाग को सौंप दिया गया ताकि उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और अंतरराष्ट्रीय समझौते CITES के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सके. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पर्म व्हेल ‘शेड्यूल-1’ प्रजाति में आती है और इसके किसी भी अंग या उत्पाद का व्यापार सख्त अपराध माना जाता है.

अहमदाबाद में लगातार बरामदगियां

पिछले साढ़े तीन महीनों में अहमदाबाद जिले में एम्बरग्रीस की यह तीसरी बड़ी बरामदगी है. इससे पहले 30 अप्रैल को अहमदाबाद शहर की क्राइम ब्रांच ने 2.904 किलो एम्बरग्रीस जब्त किया था, जबकि 6 अगस्त को 2 किलो एम्बरग्रीस पकड़ा गया था. इस तरह कुल 7.88 किलो एम्बरग्रीस की बरामदगी हाल ही में हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि एम्बरग्रीस की अंतरराष्ट्रीय मांग बहुत अधिक है क्योंकि इसे महंगे परफ्यूम और दवाओं में उपयोग किया जाता है, लेकिन भारत में इसका कारोबार पूरी तरह प्रतिबंधित है.