अफताब अंसारी के पास जेल में मिले 4 फोन और Wi-Fi डिवाइस, सुरक्षा पर उठे सवाल

Aftab Ansari Jail Raid: कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में बंद कुख्यात आतंकी अफताब अंसारी के पास से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

X
Shilpa Srivastava

Aftab Ansari Jail Raid: कोलकाता की प्रेसिडेंसी जेल में बंद कुख्यात आतंकी अफताब अंसारी के पास से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान मिलने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जेल अधिकारियों ने अचानक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें उसकी सेल से तीन स्मार्टफोन, एक आईफोन, Wi-Fi डिवाइस, पेन ड्राइव और करीब 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए.

हाई-सिक्योरिटी जेल में इतने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. जेल के अंदर मोबाइल फोन और इंटरनेट से जुड़े उपकरणों की अनुमति नहीं होती है.

जेल के अंदर कैसे पहुंचा सामान?

बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने सारे प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर अफताब अंसारी तक कैसे पहुंचा. मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधिकारी ने हेस्टिंग्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. कोलकाता पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन मोबाइल और इंटरनेट डिवाइस का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था.


बाहरी लोगों से संपर्क की भी जांच:

जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इन उपकरणों के जरिए जेल से बाहर किसी व्यक्ति के साथ संपर्क किया जा रहा था. साथ ही, जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान पहुंचाने वाले किसी नेटवर्क या व्यक्ति की भूमिका की भी जांच हो सकती है. अफताब अंसारी पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर रहा है. जेल में रहते हुए उसके पास से पहले भी सिम कार्ड बरामद होने की बात सामने आई थी.

2002 अमेरिकन सेंटर हमले का आरोपी:

अफताब अंसारी 2002 के कोलकाता अमेरिकन सेंटर आतंकी हमले का मुख्य आरोपी है. इस हमले में सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाया गया था. बरामदगी के बाद अब पुलिस और जेल प्रशासन की जांच इस बात पर केंद्रित है कि प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामान जेल के अंदर किस रास्ते से पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे.