दीपके ने फिर किया दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में फहराएंगे तिरंगा
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में तिरंगा फहराने का ऐलान किया है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली में एक बार फिर प्रदर्शन का ऐलान किया है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने की घोषणा की है.
कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर जताई नाराजगी
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका को केवल तिरंगा फहराने के कारण जेल भेजा गया है. उन्होंने समर्थकों से 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की.
Also Read
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हिरासत
CJP ने 10 से 14 अक्टूबर तक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी. 10 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए जा रहे अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था. अगले दिन उन्हें 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरने और एक साल तक शांति भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल नहीं होने की शर्त पर रिहा किया गया.
जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने के बाद कार्रवाई
12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थल के रूप में डीनोटिफाई कर दिया गया. इसके अगले दिन, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में गेट फांदकर दाखिल हुए और तिरंगा फहराया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया.
पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए कार्यकर्ता
कार्रवाई के बाद सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अब अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने का नया कार्यक्रम घोषित किया है. इस घोषणा के बाद दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर आगे की स्थिति पर नजर रहेगी.