IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

AAP सांसद संजय सिंह को मिली जमानत, आतिशी बोलीं- सच्चाई को मिटाया नहीं जा सकता

Sanjay Singh Gets Bail: शराब नीति मामले में AAP नेता संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है. संजय सिंह राजनीतिक गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकेंगे.

India Daily Live

Sanjay Singh Gets Bail: शराब नीति मामले में AAP नेता संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है. 6 महीने जेल में रहने के बाद आप सांसद संजय सिंह को जमानत मिली है. दिल्ली शराब घोटाला केस में इसी साल जनवरी में ED ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था. 

संजय सिंह शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नियमित जमानत पाने वाले पहले AAP नेता बन गए हैं. इस मामले में पार्टी के कई बड़े नेता जेल में हैं. कोर्ट के फैसले के मुताबिक, संजय सिंह राजनीतिक गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकेंगे. अदालत ने कहा कि जमानत को मिसाल नहीं माना जा सकता, जबकि जांच एजेंसी ने कहा कि उसने दिल्ली से राज्यसभा सांसद को जमानत देने पर कोई आपत्ति नहीं जताई.

4 अक्टूबर को हुई थी संजय सिंह की गिरफ्तारी

आज सुनवाई के दौरान, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और पीबी वराले की सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि संजय सिंह जमानत अवधि के दौरान अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रख सकते हैं. संजय सिंह को ईडी ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था. इसके बाद संजय सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में भी जमानत के लिए याचिका लगाई थी, लेकिन उन्हें मिली थी. 

आज का दिन लोकतंत्र के लिए बड़ा है- सौरभ भारद्वाज

संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद आप नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है. दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ईडी से कहा कि यह कैसे स्वीकार किया जा सकता है कि एक व्यक्ति ने 11 बयान दिए और उसमें से आपने सिर्फ एक बयान स्वीकार किए जो संजय सिंह के खिलाफ था और फिर उन्हें जेल में डाल दिया. ईडी के पास इसका कोई जवाब नहीं है. आज का दिन लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा है.

जीत हमेशा सच्चाई की होती है- आतिशी

आम आदमी पार्टी नेता और केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि आबकारी नीति मामले में संजय सिंह की जमानत ने यह साबित कर दिया है कि जीत हमेशा सच्चाई की होती है. आतिशी ने कहा कि सच्चाई को दबाया जा सकता है लेकिन मिटाया नहीं जा सकता. हम सबने देखा कि कैसे आप के शीर्ष नेताओं को झूठे मामलों में गिरफ्तार किया गया है.