साउथ में भयंकर आंधी-तूफान! केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश का रेड अलर्ट, उत्तर भारत में गर्मी 30°C के पार
22 फरवरी 2026 को उत्तर भारत में तापमान बढ़ रहा है, लेकिन हिमाचल-उत्तराखंड में नया पश्चिमी विक्षोभ बारिश-बर्फबारी लाएगा. दक्षिण भारत में 5 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है. दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ेगी, प्रदूषण कम हुआ.
नई दिल्ली: देश के मौसम में अब बदलाव की तेजी से आ रही है. उत्तर भारत में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि पहाड़ों पर अभी भी ठंड का कहर बरपा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 22 फरवरी से हिमालयी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है.
दूसरी ओर, दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आंधी-तूफान और तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. आने वाले दिनों में कई राज्यों में सावधानी बरतनी होगी.
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत का हाल
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान साफ रहेगा. न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27-28 डिग्री के आसपास रहेगा. वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है और एक्यूआई 200 से नीचे आ गया है. राजस्थान में दिन गर्म हो रहे हैं, बाड़मेर में 33 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज हुआ. यूपी-बिहार में भी धूप से गर्मी बढ़ रही है, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी.
पहाड़ों में फिर सक्रिय होगा विक्षोभ
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा. किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और मनाली जैसे ऊंचे इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी संभव है. जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे. अगले 48 घंटों में ठंड फिर बढ़ सकती है. मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पहाड़ों पर सर्दी का जोर रहेगा.
दक्षिण में आंधी-तूफान का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले पांच-छह दिन मौसम खराब रहेगा. तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में रुक-रुक कर आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी. आईएमडी ने वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. यह प्री-मानसून गतिविधि का संकेत माना जा रहा है. महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बादल छा सकते हैं.
गर्मी के संकेत और सावधानियां
देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान बढ़ रहा है. दक्षिण, पूर्वोत्तर और मध्य भारत में गर्मी का असर दिखने लगा है. जल्द ही लू का खतरा बढ़ सकता है. सूरज की तेज किरणों से त्वचा को नुकसान हो सकता है, जिसे सनबर्न कहते हैं. इससे त्वचा लाल होकर जलन, छाले और दर्द हो सकता है. बाहर निकलते समय छाता, सनस्क्रीन और पानी का ध्यान रखें.