IPL 2026

Aaj ka Mausam: 14 राज्यों में मौसम ने लिया विकराल रुप, बिहार से लेकर राजस्थान तक; IMD ने जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने 14 राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

ANI
Reepu Kumari

Aaj ka Mausam: मई की गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर राहत और चिंता दोनों साथ लेकर दस्तक दी है. देश के कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हालात और बदल सकते हैं. कई इलाकों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज आंधी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है, इसलिए अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-एनसीआर में राहत के साथ बढ़ेगी उमस

दिल्ली-एनसीआर में 5 मई की रात हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है. 6 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे. बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 39 डिग्री तक जा सकता है, जिससे उमस भी बढ़ेगी.

उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का खतरा

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के भीतर मौसम तेजी से बदल सकता है. लखनऊ समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है. पूर्वी जिलों में तेज हवाएं 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर जैसे इलाकों में बिजली गिरने का खतरा है, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है.

मध्य प्रदेश में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

मध्य प्रदेश में भी मौसम का रुख तीखा बना हुआ है. कई जिलों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है. सिवनी, मंडला और ग्वालियर जैसे क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 10 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम और ज्यादा अस्थिर हो सकता है.

बिहार में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

बिहार में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. अगले 24 घंटे में तूफान और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद में ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. पूरे राज्य में 8 मई तक अलर्ट जारी है. लोगों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

राजस्थान-झारखंड समेत पहाड़ी राज्यों में भी असर

राजस्थान और झारखंड में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है. राजस्थान में आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. झारखंड में 9 मई तक बारिश और तापमान में गिरावट का अनुमान है. वहीं उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब में भी तेज हवाएं और बारिश लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती हैं.