Weather IMD

भीषण गर्मी के बाद मौसम का यू टर्न, 23 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Shanu Sharma

आज, यानी 9 जुलाई से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है, लेकिन इसके साथ ही मौसम का नया दौर चुनौती भी लेकर आ रहा है. भारत मौसम विभाग ने आज के लिए देश के 23 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है. 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ घंटों में उत्तर और उत्तर पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगा. इसके प्रभाव से उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलेगा.

दिल्ली, यूपी और बिहार में मौसम का हाल

राजधानी दिल्ली में आज भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत कई जिलों में 9 से 11 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.


पहाड़ों में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल?

उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में 9 से 12 जुलाई तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.  हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर और हजारीबाग समेत कई जिलों में 9 और 10 जुलाई को भारी बारिश और 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल के कोलकाता, जलपाईगुड़ी, मुर्शिदाबाद, नॉर्थ 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. वहीं पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और गुरदासपुर में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है.