15 राज्यों में अगले 10 घंटे भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें मौसम का हाल
देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे के दौरान 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और गुजरात तक कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे के दौरान 15 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है.
दिल्ली-एनसीआर में 8 से 10 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं, हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे.
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, इटावा और बांदा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं बिहार के पटना, मुंगेर, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बक्सर, सिवान, सारण और गया सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है. यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
Also Read
- Argentina vs Egypt: जीत, जज्बा और आंसू ... फिर चला ‘Messi Magic’, जीतने के बाद भी फूट-फूटकर रोए अर्जेनटीना कप्तान
- Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का कहर, पहाड़ों पर बारिश बनी आफत; 9 जिलों में अलर्ट जारी
- रेवती नक्षत्र और विष योग का प्रभाव, जानिए किस राशि के लिए शुभ और किसे बरतनी होगी सावधानी
राजस्थान, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भी खतरे की घंटी
राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर सहित कई जिलों में 8 और 9 जुलाई को भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना है. 10 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है. महाराष्ट्र में मुंबई के लिए येलो और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल के कोलकाता, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और उत्तर व दक्षिण 24 परगना जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात में सक्रिय मानसून के कारण कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है.