केरल में मानसून की दस्तक, 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

दक्षिण-पश्चिम में मानसून की एंट्री हो गई है. मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक देश के कई राज्यों में आज आंधी-बारिश के आसार हैं.

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक आज यानी 5 जून 2026 को देश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना है. IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 7 दिनों तक केरल, अरुणाचल, कर्नाटक समेत कई अन्य राज्यों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.

IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अगले 5-6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है. न केवल दक्षिण बल्कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के भी कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है. 

आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में आज मौसम सुहाना रहने वाला है. आसमान में काले घने बादल छाए रहेंगे. गुरुवार की तरह आज भी दोपहर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज रफ्तार में चलने वाली हवाएं लोगों की मुसीबत बढ़ सकती हैं. इसलिए खराब मौसम में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. मौसम में बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट आएगी. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. खास तौर पर वाराणसी, मथुरा, नोएडा समेत कई जिलों में आज बारिश हो सकती है. बिहार के बांका, जमुई, मुंगेर और भागलपुर जिलों में आंधी-तूफान का खतरा है. वहीं राजस्थान के जयपुर, अलवर, कोटा समेत कई जिलों में आज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. 

IMD ने दी चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर में भी आज दोपहर के बाद मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग की ओर से बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं केरल और पश्चिम बंगाल में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने सभी पर्यटकों से खास अपील की है कि कहीं भी जाने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. वहीं तेज हवा के बीच घर से बाहर न निकलें और अगर बाहर हों तो बिजली के खंभों और पेड़ों की शरण न लें. खराब मौसम में किसानों को भी खेत में न जाने की सलाह दी गई है.