देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और झारखंड समेत 16 राज्यों में शुक्रवार को तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसलिए घर से निकलने से पहले एक बार मौसम चेत करने की सलाह दी गई है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को मानसून का असर और तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने हल्की से भारी बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान जताया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, कानपुर, मथुरा, मुजफ्फरनगर और अन्य कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. 5 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है.
बिहार के भोजपुर, बक्सर, कैमूर, पूर्णिया, कटिहार जमुई और मुंगेर समेत कई जिलों में भी तेज बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और हजारीबाग सहित कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा.
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर और अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है.
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली और रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा सहित कई जिलों में 5 से 8 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा और अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है. इसलिए सभी पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.