Asian Games 2026

देश के 22 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 29 सितंबर को देश के 22 राज्यों में बारिश होने की संभावना है. वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलना का भी खतरा है.

ANI
Shanu Sharma

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार, 29 सितंबर को देश के कई हिस्सों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज करीब 22 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है. 

पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत में बदला मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल रहा है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब होने के कारण भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा. मैदानी इलाकों की बात करें तो दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है.


UP-दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम का हाल

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है. बिहार में भी कई इलाकों में बादल और बारिश की स्थिति बन सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा रहेगा. वहीं झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेत हैं और करीब एक सप्ताह तक तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है.

उत्तर प्रदेश में भी मंगलवार को मौसम करवट ले सकता है. राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कई जगह बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या समेत कई जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का असर 30 सितंबर तक बने रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.