पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की सामूहिक छुट्टी के बीच अब बिना अनुमति ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है. पंजाब सरकार के पर्सोनल विभाग ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तलब करते हुए सभी स्पेशल चीफ सेक्रेटरी और अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी को पत्र जारी किया है. विभाग ने सूची गुरुवार शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
गुरुवार को पंजाब के विभिन्न सरकारी विभागों, कार्यालयों, बोर्डों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ चंडीगढ़ स्थित पंजाब सरकार के अधिकतर कार्यालयों में कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे. इस दौरान कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. पंजाब सचिवालय में भी कर्मचारी नेताओं के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए. बड़ी संख्या में कर्मचारियों के अवकाश पर रहने से सरकारी कार्यालयों में नियमित कामकाज प्रभावित रहा.
पर्सोनल विभाग ने पत्र में कहा कि गैरकानूनी तरीके से ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा. इसी को देखते हुए सभी प्रशासनिक विभागों को अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार कर भेजने को कहा गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों ने बिना स्वीकृत छुट्टी के ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर सामूहिक अवकाश में हिस्सा लिया, उनके खिलाफ सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.