Aaj Ka Mausam: यूपी-दिल्ली समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आपके शहर का हाल
Weather Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश तेज होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.
Weather Update: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश तेज होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके असर से 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत करीब 11 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है.
बारिश के साथ कई जगहों पर 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे में अगर आप यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर देख लें.
किन राज्यों में बारिश का अलर्ट?
IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है. भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और कुछ जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है. वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है.
Also Read
- 'एक आतंकवादी देश मुझसे यह पूछ रहा है?', संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तानी पत्रकार की बोलती बंद की
- जम्मू-कश्मीर विधानसभा में स्टेटहुड प्रस्ताव पर भारी हंगामा, BJP विधायकों का जोरदार विरोध, कार्यवाही सोमवार तक स्थगित
- 'फिक्स चुनावों में भाग ना लें विपक्षी दल', अभिजीत दिपके का कड़ा संदेश, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिया अल्टीमेटम
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आसपास बना डिप्रेशन अगले कुछ घंटों तक प्रभावी रह सकता है. इसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 27 सितंबर को भी दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. 28 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट:
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. IMD ने 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में बारिश का असर आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है. पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर और पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश की संभावना है.
यूपी के इन इलाकों में विशेष सतर्कता:
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर प्रशासन सतर्क है. कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
बिहार में बारिश और तेज हवाएं:
बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट:
देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत उत्तराखंड के कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी स्थिति बन सकती है. राज्य में बारिश का असर 28 सितंबर तक रहने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश:
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 26 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. 25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी पूर्वी हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 और 30 सितंबर को बारिश की संभावना जताई गई है.
झारखंड में ऑरेंज और येलो अलर्ट:
झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से बारिश की तीव्रता कम हो सकती है और 27 सितंबर से मौसम में सुधार की संभावना है. लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कई अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए भी प्रशासन को सतर्क किया गया है.