बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन से बढ़ी टेंशन, 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.

ANI
Shanu Sharma

देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई का दौर शुरू होने वाला है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम ने चिंता बढ़ा दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन अब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. 

इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में देखने को मिल सकता है. IMD ने 23 और 24 सितंबर को ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है. तटीय आंध्र प्रदेश में भी 23 सितंबर को अत्यधिक भारी और 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

13 राज्यों में बारिश का अलर्ट

23 सितंबर को केरल, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, सिक्किम, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है. ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा भी बना हुआ है. इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन की सलाह पर ध्यान देने की जरूरत है.


दिल्ली में आज साफ रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में 23 और 24 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. 23 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. उत्तर प्रदेश में 23 सितंबर को कोई बड़ा बारिश अलर्ट नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. पूर्वी यूपी के कई जिलों में 25 से 27 सितंबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है.

इन राज्यों पर भी नजर

बिहार में 23 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 24 और 25 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. झारखंड में 23 से 27 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में भी 25 और 26 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस बीच पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है.