Weather IMD

दिल्ली समेत 15 राज्यों में मौसम का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत; कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी

देशभर में मानसून की रफ्तार तेज होती जा रही है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत 15 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Shanu Sharma

देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. केरल तट से आगे बढ़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे उत्तर और मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है. 

भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित 15 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. 

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम सुहावना रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 18 से 21 जून तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. उत्तर प्रदेश में मौसम का असर व्यापक रूप से देखने को मिल सकता है. राजधानी लखनऊ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मेरठ, सीतापुर, शाहजहांपुर और देवरिया सहित कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. 


इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

बिहार में भी मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. राजधानी पटना सहित कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान है. IMD के मुताबिक सिवान, पूर्णिया, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, मधुबनी, किशनगंज, कटिहार और सुपौल जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है. राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. जयपुर कोटा और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल समेत ग्वालियर, शिवपुरी, विदिशा, सागर, मंदसौर, छिंदवाड़ा और मंडला जैसे जिलों में भारी बारिश का अनुमान है.

गुजरात के दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र अपेक्षाकृत शुष्क रह सकते हैं. झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद और दुमका समेत कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर तमिलनाडु में गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं. राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है.

पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चमोली में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं शिमला, मनाली, कुल्लू, कांगड़ा और मंडी में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है. कुपवाड़ा, बारामुला, गांदरबल, बडगाम और अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.