आज 25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई जगह आंधी का खतरा

आज यानी 16 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक समेत कई राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है.

इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. पूर्वी और उत्तर भारत के कई इलाकों में आकाशीय बिजली और वज्रपात को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, बरेली, बिजनौर, शाहजहांपुर, सीतापुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है.  बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, सिवान, गोपालगंज, बक्सर, खगड़िया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी है.


राजस्थान के टोंक, अजमेर, अलवर, जयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, डूंगरपुर, जोधपुर और पाली समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवा चल सकती है. मध्य प्रदेश के देवास, बैतूल, हरदा, धार, विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, गुना समेत कई जिलों में बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. छत्तीसगढ़ में सूरजपुर, रायपुर, बस्तर, बिलासपुर, धमतरी, बेमेतरा, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है. 

पहाड़ी राज्यों में विशेष सावधानी

उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, चमोली और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. देहरादून में तापमान 29 से 21 डिग्री के बीच रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में चंबा, किन्नौर, मंडी, ऊना, कांगड़ा, सोलन, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और शिमला में बारिश और आंधी की संभावना है. मनाली में अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम 4 डिग्री रह सकता है.

जम्मू-कश्मीर के पुंछ, बारामूला, किश्तवाड़, अनंतनाग, रियासी, गांदरबल, उधमपुर, बांदीपोरा, जम्मू और राजौरी में भी खराब मौसम की चेतावनी है. श्रीनगर में तापमान 27 से 15 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. तेज बारिश और हवाओं के कारण फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है. समुद्री इलाकों में मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए यात्रा करने वालों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.