Weather IMD

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव, 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; चल सकती हैं तेज हवाएं

देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच मौसम विभाग ने 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Shanu Sharma

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे को लेकर अहम पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.

IMD के मुताबिक इस हफ्ते में कई राज्यों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

13 राज्यों में बारिश और खराब मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई को ओडिशा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, मणिपुर सहित कुल 13 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. लोगों को नदी-नालों के पास जाने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में रहने से बचने की सलाह दी गई है.


दिल्ली में बादल और हल्की बारिश से मिलेगी राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में इस सप्ताह मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है, लेकिन बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. 15 से 18 जुलाई के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में बढ़ेगा बारिश का असर

उत्तर प्रदेश में 15 से 19 जुलाई के बीच कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. बिहार में 15 और 16 जुलाई को व्यापक वर्षा की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. 16 से 20 जुलाई तक भी कई इलाकों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है.

राजस्थान में 20 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर सामान्य बारिश होने की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 17 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.