T20 World Cup 2026

उत्तर भारत में मौसम का नया मोड़, 11 राज्यों में IMD का बारिश अलर्ट; पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप कम होता नजर आ रहा है. दिन में तापमान बढ़ने की वजह से गरमाहट बढ़ती जा रही है. हालांकि मौसम विभाग की ओर से एक नई चेतावनी जारी की गई है. जिसमें कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.

ANI
Shanu Sharma

नई दिल्ली: देश में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरु हुआ ही था कि मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 11 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

IMD अपडेट के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के कारण परेशानी बढ़ने की संभावना है. वहीं महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत अन्य कई राज्यों में 2 से 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है.  

तेज हवाएं और बर्फबारी

आईएमडी के अनुसार, मध्य प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16-17 फरवरी को हल्की-मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी के योग हैं. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव आ रहा है, जो पहाड़ों पर बर्फ और मैदानों में बारिश लाएगा.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम सुहावना रहेगा. आईएमडी के अनुसार, आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. कल अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम 9.2 डिग्री रहा, जो औसत से 1 डिग्री कम था. अगले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है. कई जिलों में 17-18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड फिर से महसूस होगी.

बादल छाए रहने की संभावना

बिहार में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन पटना सहित कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं. सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गया, जहानाबाद, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, किशनगंज, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में कोहरा परेशानी बढ़ाएगा. राजस्थान में ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होगी. कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण 17-18 फरवरी को कुछ जगहों पर तेज हवाएं और हल्की बारिश संभव है.