आज 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल; जानें अपने शहर का मौसम
मानसून के सक्रिय दौर के बीच मौसम विभाग ने 14 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. कुछ इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है.
मानसून के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 14 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश के बाद कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है. लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने और घर से निकलने से पहले स्थानीय मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-NCR और समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बादल छाए रहने के साथ तेज बारिश और आंधी की संभावना है. उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, अलीगढ़, झांसी और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
Also Read
बिहार में पटना समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी है. पटना का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, छिंदवाड़ा और खंडवा समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. भोपाल में तापमान 27 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. जयपुर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
झारखंड में रांची, जमशेदपुर, रामगढ़, गुमला, दुमका और साहिबगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. पंजाब में लुधियाना, पटियाला, अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर और जालंधर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है.
पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. हिमाचल के मनाली, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, चंबा और सिरमौर में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तराखंड के नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, बागेश्वर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भी भारी बारिश का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर, अनंतनाग, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, बारामूला और राजौरी में बारिश और आंधी का अनुमान है. श्रीनगर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.