18 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने 18 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है.
देश के कई राज्यों में शुक्रवार, 11 सितंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, असम, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार बारिश के साथ हवा की रफ्तार भी बढ़ सकती है. कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से हवाएं चलने की आशंका है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है. खराब मौसम का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है.
दिल्ली में हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. उत्तर प्रदेश में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. गाजियाबाद, नोएडा, लखनऊ, आगरा, चित्रकूट, गोरखपुर, कानपुर और झांसी समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है.
Also Read
बिहार के पटना, औरंगाबाद, भागलपुर, बक्सर, पूर्वी चंपारण, हाजीपुर, खगड़िया, नवादा, राजगीर, सासाराम और सीतामढ़ी समेत कई इलाकों में बारिश की चेतावनी है. यहां 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश में अलीराजपुर, झाबुआ और खंडवा समेत कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं. इस दौरान 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है. अजमेर, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, जोधपुर, कोटा, माउंट आबू, राजसमंद, सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर और उदयपुर समेत कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. पहाड़ी राज्यों में भी आज मौसम खराब रहने का अनुमान है. उत्तराखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.