रजाई समेटने से पहले जान लें मौसम का हाल! एक बार फिर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में ठंड से लोगों को हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन रजाई समेटने से पहले यहां मौसम का हाल एक बार जरूर जान लें. क्योंकि IMD द्वारा कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के अलर्ट जारी किए गए हैं.
नई दिल्ली: आज 10 फरवरी यानी मंगलवार को उत्तर भारत में मौसम साफ है. हालांकि सुबह-शाम में ठंड और कोहरा अभी भी महसूस हो रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप से लोगों को राहत मिली है. हालांकि मौसम विभाग की ओर से अभी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर का तापमान 24 डिग्री तक पहुंच चूका है. हल्की गर्मी भी महसूस होनी शुरू हो गई है, लेकिन अभी निश्चिंत होने की जरूरत नहीं है. IMD द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आज से लेकर कल तक में मौसम के तेवर एक बार फिर से बदल सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक हवाएं तेज हो सकती है और धुंध लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती है.
कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने वाली है. जिसकी वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इस सिस्टम का असर मैदानी इलाकों में भी नजर आ सकता है, जहां बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है. राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.
Also Read
उत्तर प्रदेश और बिहार के पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा अभी भी लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है. हालांकि दिन में तेज धूप के कारण ठंड का असर कम हो रहा है और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में ठंड और कमजोर पड़ सकती है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. फिर भी 10 फरवरी तक पूर्वी यूपी और बिहार के कई जिलों में दृश्यता बहुत कम रहने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम में यह उतार-चढ़ाव लोगों के लिए सतर्कता का संकेत है. विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड पूरी तरह खत्म समझकर गर्म कपड़े उतारना या स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही बरतना नुकसानदेह साबित हो सकता है. कोहरे के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें. साथ ही, सुबह-शाम गर्म कपड़ों का इस्तेमाल जारी रखें.
कुल मिलाकर उत्तर भारत का मौसम अब संक्रमणकाल से गुजर रहा है. जहां एक ओर वसंत की शुरुआत का एहसास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सर्दी के अंतिम पड़ाव में कोहरा और ठंड अभी बाकी है. मौसम विभाग की नियमित अपडेट पर नजर रखना और सतर्क रहना इस समय सबसे बेहतर रणनीति होगी.