मानसून की रफ्तार तेज, 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी; यहां जानें मौसम का हाल

मौसम विभाग की ओर से आज कई राज्यों में बारिश की चेतावनी दी गई है. IMD के मुताबिक कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है.

ANI
Shanu Sharma

देश के कई हिस्सों में आज से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग की ओर से 17 राज्यों में तूफानी आंधी, तेज बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक आज कुछ राज्यों के कई जिलों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है. दक्षिण के राज्यों में भी मानसून की एंट्री होने वाली है.

दिल्ली समेत इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश का सिलसिला फिलहाल थम गया है. लेकिन आज भी आंशिक बादल छाए रहेंगे. दोपहर के बाद से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी. उत्तर प्रदेश में रविवार को हुई तेज आंधी-बारिश के बाद आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग की ओर से गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. खास तौर पर उत्तर-पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड से सटे इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में तेज हवाएं लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती हैं. बिहार में इस हफ्ते गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि राजधानी पटना और उसके आसपास के जिलों में अभी भी गर्मी लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है.

पहाड़ों में बढ़ेगी लोगों की मुसीबत

राजस्थान में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. अगले एक हफ्ते तक कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा. हालांकि अजमेर, कोटा और भरतपुर समेत कुछ जिलों में अभी भी गर्मी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. हिमाचल प्रदेश में 4 से 6 जून तक मौसम ठंडा रहने वाला है. इस दौरान शिमला, कांगड़ा, चंबा समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है. उत्तराखंड में भी एक हफ्ते के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. जिसकी वजह से लोगों की मुसीबत बढ़ सकती है. खास तौर पर पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग की ओर से आंधी-बारिश वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.