menu-icon
India Daily

iPhone और बाइक के लिए 67 के व्यक्ति की हत्या! 13 साल की लड़की निकली मास्टरमाइंड

अलाप्पुझा में 67 वर्षीय शिवनकुट्टी चेट्टियार की घर में हत्या के मामले ने पुलिस को हैरान कर दिया. जांच में सामने आया कि कथित तौर पर उनकी 13 साल की रिश्तेदार ने अपने 17 साल के प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर सोना लूटने की साजिश रची थी. पुलिस ने सभी नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
iPhone और बाइक के लिए 67 के व्यक्ति की हत्या! 13 साल की लड़की निकली मास्टरमाइंड
Courtesy: Pinterest

केरल के अलाप्पुझा में शनिवार को 67 वर्षीय शिवनकुट्टी चेट्टियार की उनके घर में हत्या कर दी गई. वारदात के समय वह घर में अकेले थे. उनका शव हाथ-पैर बंधी हालत में मिला और गले में कपड़ा कसा हुआ था. घर से सोने की चेन और अन्य गहने गायब मिलने के बाद पुलिस को शुरुआत में यह मामला लूट के दौरान हुई हत्या का लगा.

जांच आगे बढ़ने पर कहानी ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया. पुलिस ने मृतक के करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की. इसी दौरान 13 साल की आठवीं कक्षा की छात्रा के बयान में कई विरोधाभास सामने आए.

13 साल की लड़की पर साजिश रचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि लड़की ने कथित तौर पर अपने 17 साल के प्रेमी के साथ मिलकर सोना चोरी करने की योजना बनाई थी. उसका प्रेमी 12वीं कक्षा में पढ़ता है. इस योजना में उसके दो दोस्त भी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए सोने से लड़की के लिए आईफोन और उसके प्रेमी व दोस्तों के लिए बाइक खरीदने की योजना थी. लड़की ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि मृतक ने उसे गलत तरीके से छुआ था और इसी वजह से वह उससे नाराज थी. पुलिस इस आरोप की अलग से जांच कर रही है, लेकिन शुरुआती जांच में सोना चोरी करना मुख्य मकसद माना जा रहा है.

घर में घुसकर बांध दिया

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम लड़की के कहने पर तीनों लड़के घर पहुंचे. उस समय मृतक की पत्नी और बेटी घर पर नहीं थीं. आरोपियों ने घर के पिछले हिस्से में बने छोटे रास्ते से अंदर प्रवेश किया. इसके बाद उनका शिवनकुट्टी चेट्टियार से सामना हुआ. हाथापाई के दौरान तीनों ने उन्हें नीचे गिरा दिया और उनके हाथ-पैर बांध दिए. बाद में गले में कपड़ा कसने से उनकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम में भी दम घुटने को मौत की वजह बताया गया. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने लड़की को वीडियो कॉल कर शव दिखाया. इसके बाद घर में सोना और नकदी तलाशने में लड़की ने उनकी मदद की. उसने कथित तौर पर आरोपियों को गहने रखे होने की जगह भी बताई. जांच में सामने आया कि चोरी किए गए करीब 4.5 सॉवरेन सोने का कुछ हिस्सा लड़की ने पड़ोसी कोल्लम जिले में 16 हजार रुपये में बेच दिया था. पुलिस ने करीब 5.61 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद कर लिया है.