IPL 2026

चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद हरियाणा में दुष्यंत चौटाला के साथ हो गया खेला, 24 घंटे में JJP के 4 विधायक छोड़ गए पार्टी

Haryana Assembly Elections: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद जननायक जनता पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. 24 घंटे के अदर पार्टी के 4 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. ये विधायक बीजेपी और कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं.

Social Media
India Daily Live

Haryana Assembly Elections: हरियाणा में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है. 1 अक्टूबर को राज्य में वोट डाले जाएंगे. वहीं, 4 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे आएंगे. चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद जननायक जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. 24 घंटे के भीतर ही पार्टी के 4 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. विधायकों के इस्तीफे ने दुष्यंत चौटाला को टेंशन में डाल दिया है. 4 विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद कहानी बदल गई है. 

ईश्वर सिंह, रामकरण काला, देवेंद्र बाबली, और अनुप धानक ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है. अब ये विधायक बीजेपी और कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं. लोकसभा चुनाव में हरियाणा में बीजेपी और कांग्रेस ने 5-5 सीटें हासिल की थी.

2019 में किंग मेकर थी JJP

विधानसभा चुनाव से पहले दुष्यंत चौटाला के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं. पिछले विधानसभा चुनाव में जेजेपी ने 10 सीटों पर जीत हासिल की थी. इस जीत के बाद बीजेपी और जेजेपी के गठबंधन वाली सरकार बनी थी.  जिसमें दुष्यंत चौटाला को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था लेकिन गठबंधन टूटने के बाद अब दुष्यंत अकेले पड़ गए हैं. 

2019 में जेजेपी ने किंग मेकर की भूमिका निभाई थी. लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को सिर्फ 1 फीसदी वोट मिला था. 4 विधायकों के पार्टी से जाने के बाद कुछ और विधायकों के पार्टी छोड़कर जाने के कयास लगाए जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जकुमार गौतम, जोगीराम सिहाग, रामनिवास सुरजाखेड़ा चर्चा में बने हुए हैं. कहा जा रहा है कि ये भी दुष्यंत का साथ छोड़ सकते हैं. इस समय दुष्यंत के साथ उनकी मां नायना चौटाला और अमरजीत धांडा ही उनके वफादार माने जा रहे हैं. 

JJP ने विधायकों को लेकर क्या कहा?

विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से ही हरियाणा की राजनीति में हलचल मची हुई है. खासकर जेजेपी में. विधायकों के पार्टी छोड़ने पर पार्टी के सचिव रणधीर सिंह ने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी छोड़ी है उन्हें पूर्व में पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए नोटिस जारी किया गया था.