गुलमर्ग में बीच हवा में अटकीं 300 लोगों की सांसें, रोपवे खराब होने से फंसे पर्यटक, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग गोंडोला रोपवे में तकनीकी खराबी आने से करीब 300 पर्यटक बीच हवा में फंस गए.

X
Ashutosh Rai

जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को अफरा-तफरी मच गई. गोंडोला रोपवे सेवा अचानक तकनीकी खराबी के कारण रुक गई. रोपवे के कई केबिन हवा में अटक गए. यहां बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे. वहां करीब 300 लोग अलग-अलग केबिनों में फंसे रहे. घटना के बाद सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तुरंत पहुंची.

अचानक रुकी केबल कार

गुलमर्ग गोंडोला सेवा जम्मू-कश्मीर के सबसे लोकप्रिय पर्यटन आकर्षणों में गिनी जाती है. सोमवार दोपहर मौसम खराब होने के बीच रोपवे सेवा अचानक रुक गई. केबिन हवा में थमते ही पर्यटकों में डर का माहौल बन गया. कई लोग घबरा गए. मदद के लिए आवाज लगाने लगे. तेज हवा और धुंध की वजह से हालात बिगड़ने लगे. प्रशासन को सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा कारणों से पूरे सिस्टम को तुरंत बंद कर दिया गया.

मौके पर पहुंची सेना और रेस्क्यू एजेंसियां

घटना के बाद राहत और बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया. सेना के जवानों के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और गोंडोला की क्विक रिस्पॉन्स टीम को ऑपरेशन में लगाया गया. खराब मौसम के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगह सीढ़ियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से केबिन तक पहुंच बनाई गई. घंटों चले अभियान के दौरान एक-एक कर पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारा गया.

घबराने की जरूरत नहींः सीएम अब्दुल्ला

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी केबिन सुरक्षित हैं और प्रशिक्षित टीमें लगातार काम कर रही हैं.

तकनीकी जांच के साथ सुरक्षा पर फोकस

तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अब पूरे रोपवे सिस्टम की जांच कर रही है. शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया है कि केबल सिस्टम मजबूत बना हुआ है और कोई संरचनात्मक नुकसान सामने नहीं आया है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर्स को तुरंत बंद कर दिया गया था. जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए.