महाराष्ट्र में मिलावट माफिया पर वार, 2000 लीटर मिलावटी दूध, आइसक्रीम जब्त, कई लाइसेंस निलंबित
महाराष्ट्र FDA ने राज्यव्यापी अभियान में 2,000 लीटर संदिग्ध दूध, डेयरी उत्पाद और 67 लाख रुपये से अधिक के खाद्य सामान जब्त किए हैं. छापेमारी के बाद कई लाइसेंस निलंबित किए गए.
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. 9 जुलाई को हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने लगभग 2,000 लीटर संदिग्ध दूध और 320 किलोग्राम डेयरी उत्पाद, जिनमें बासुंदी और आइसक्रीम शामिल हैं, जब्त किए. बाजार में पहुंचने से पहले ही इन सभी उत्पादों को नष्ट कर दिया गया. जब्त किए गए नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजा गया है.
कई जिलों में छापे, संदिग्ध दूध किया गया नष्ट
FDA की छापेमारी में कुल 1,952 लीटर दूध और 320 किलोग्राम डेयरी उत्पाद पकड़े गए. मुंबई से 210 लीटर कच्चा दूध, अहिल्यानगर की दो डेयरियों से 1,266 लीटर गाय का दूध, जलगांव से 238 लीटर मिश्रित दूध तथा घाटकोपर की एक डेयरी से 160-160 किलोग्राम बासुंदी और आइसक्रीम जब्त की गई. वहीं लातूर में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे 238 लीटर संदिग्ध भैंस के दूध को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अधिकारियों ने सभी जब्त उत्पादों के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं.
Also Read
67 लाख रुपये से अधिक के खाद्य उत्पाद जब्त
यह कार्रवाई FDA के 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत की गई. अभियान के दौरान अधिकारियों ने 18 स्थानों पर छापेमारी की और 58 होटल, रेस्तरां तथा ढाबों का निरीक्षण किया. इस दौरान 67 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य उत्पाद जब्त किए गए. खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अचानक निरीक्षण भविष्य में भी किए जाएंगे.
घाटकोपर डेयरी का लाइसेंस निलंबित
सबसे बड़ी कार्रवाई घाटकोपर स्थित गौतम दुग्धालय पर हुई, जहां 530 किलोग्राम/लीटर कच्चा दूध, बासुंदी और आइसक्रीम जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2.79 लाख रुपये आंकी गई. निरीक्षण के दौरान लेबलिंग में गड़बड़ी, अस्वच्छ भंडारण और निर्धारित कोल्ड चेन का पालन न करने जैसी गंभीर खामियां मिलीं. इसके बाद प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया. राज्यभर में कुल चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी गंभीर उल्लंघनों के कारण निलंबित किए गए.
गुटखा, तेल और किराना कारोबारियों पर भी कार्रवाई
अभियान केवल डेयरी उत्पादों तक सीमित नहीं रहा. वाशी स्थित एपीएमसी मसाला मार्केट से 9,630 किलोग्राम राजगिरा, सरसों, अलसी और सब्जा के बीज जब्त किए गए, जिनकी कीमत 9.76 लाख रुपये बताई गई. नांदेड़ में लेबलिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप में 31,096 पाउच रिफाइंड सोयाबीन तेल भी जब्त किया गया. वहीं प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ अभियान में आठ एफआईआर दर्ज हुईं, 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 41.06 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान तथा दो वाहन भी जब्त किए गए.