केरल विस्फोट मामले में जांच कमेटी का गठन, बोले अनुराग ठाकुर- 'राहुल गांधी की चुप्पी से साफ पता चलता..कांग्रेस कर रही...'
Kerala blast case: कोच्चि के कलामासेरी में हुए धमाके के बाद CM विजयन ने जांच के लिए बनाई 20 सदस्यीय टीम का गठन किया है. केरल में सिलसिलेवार धमाकों को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाये है.
नई दिल्ली: कोच्चि के कलामासेरी में हुए धमाके के बाद CM विजयन ने जांच के लिए बनाई 20 सदस्यीय टीम का गठन किया है. एडीजीपी कानून और व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम इस घटना की जांच में जुटी हुई है. इसके साथ ही साथ केरल-तमिलनाडु बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस ब्लास्ट के बाद देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है. अब इस मामले को लेकर सियासत भी तेज हो चली है.
"कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी का मौन समर्थन"
केरल में सिलसिलेवार धमाकों को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाये है. अनुराग ठाकुर ने बड़ा बयान देते हुए कहा "मैं केरल में बम विस्फोट की घटना की निंदा करता हूं. केरल राज्य के वायनाड संसदीय सीट से सांसद राहुल गांधी की चुप्पी से साफ पता चलता है कि कांग्रेस चुपचाप उनका समर्थन कर रही है. आखिर ये कौन लोग हैं जो बाहर से यहां अराजकता पैदा करना चाहते हैं? कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी विस्फोट के पीछे के लोगों का चुपचाप समर्थन कर रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है.''
डोमिनिक मार्टिन नाम के व्यक्ति ने विस्फोट की ली जिम्मेदारी
केरल के कलामासेरी में रविवार सुबह एक प्रार्थना सभा में सिलसिलेवार विस्फोटों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. जबकि छह की हालत गंभीर बनी हुई है. कोच्चि के अस्पतालों में घायल लोगों का इलाज चल रहा था. इस बीच डोमिनिक मार्टिन नाम के एक व्यक्ति ने त्रिशूर के कोडकारा पुलिस स्टेशन में खुद को आत्मसमर्पण कर दिया और सिलसिलेवार विस्फोटों की जिम्मेदारी ली है. स्थानीय पुलिस का कहना है कि अभी मार्टिन के दावों की पुष्टि करनी है. पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि विस्फोटों को अंजाम देने के लिए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेज) का इस्तेमाल किया गया था.
यह भी पढ़ें: 'UP में भोजन की कोई गारंटी नहीं.. लुंगी पहनकर ज्ञान देने आएंगे तेलंगाना', KCR का CM योगी पर जुबानी हमला