आजकल शादी के सीजन में लड़कियां पतला और आकर्षक दिखने के लिए नया शॉर्टकट अपना रही हैं. इसका नाम है मोंजारो ब्राइड्स ट्रेंड. जिम में घंटों पसीना बहाने या महीनों डायटिंग करने की बजाय लोग अब मोंजारो इंजेक्शन का सहारा ले रहे हैं. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों के क्लीनिक में इस इंजेक्शन की डिमांड काफी बढ़ गई है.
मोंजारो एक GLP-1 दवा है, जिसे Eli Lilly कंपनी ने बनाया है. यह मूल रूप से टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के लिए बनी थी, लेकिन इसका साइड इफेक्ट वजन तेजी से घटाना है. शादी से पहले स्लिम फिगर पाने के लिए लड़कियां इसे 'ब्राइडल वेट लॉस' के तौर पर इस्तेमाल कर रही हैं. अब ये ट्रेंड सिर्फ लड़कियों तक सीमित नहीं रहा, कई लड़के भी शादी या किसी खास फंक्शन से पहले इसका इस्तेमाल कर रहे हैं.
लोगों को लगता है कि बिना मेहनत के कुछ हफ्तों में 10-15 किलो वजन कम हो जाएगा. लेकिन एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं कि यह तरीका खतरनाक हो सकता है.
यह इंजेक्शन हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं है. बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल करने पर कई समस्याएं हो सकती हैं:-
पाचन संबंधी दिक्कतें: मतली, उल्टी, दस्त या गंभीर कब्ज हो सकता है. शादी के दिन अगर यह समस्या हुई तो पूरा मजा खराब हो जाएगा.
मसल लॉस और कमजोरी: तेजी से वजन घटने में चर्बी के साथ जरूरी मांसपेशियां भी कम हो जाती हैं. इससे शरीर में पोषण की कमी, थकान और चक्कर आने लगते हैं.
ओजेम्पिक फेस: चेहरे पर सूजन या थका हुआ लुक आ जाता है. चेहरा सूखा और बेजान दिखने लगता है.
किडनी और लिवर पर असर: लंबे समय तक इस्तेमाल करने से इन अंगों पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है.
आजकल मोटापा आम समस्या है. शादी में अच्छा दिखने का सामाजिक दबाव भी बहुत है. लोग इंस्टेंट रिजल्ट चाहते हैं, इसलिए मेहनत का रास्ता छोड़कर दवा का रास्ता चुन रहे हैं. लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि वजन कम करने का सही और सुरक्षित तरीका जिम, बैलेंस डाइट और नियमित व्यायाम ही है.
सलाह एक्सपर्ट्स की मानें तो शादी से पहले वजन कम करना है तो कम से कम 6-8 महीने पहले से प्लान करें. डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की मदद लें. मोंजारो जैसी दवाएं सिर्फ मोटापे से ग्रस्त मरीजों के लिए हैं, जिन्हें डॉक्टर की सख्त निगरानी में दिया जाता है. शादी के दिन पतले दिखने के चक्कर में अपनी सेहत से खिलवाड़ न करें.