एक नई रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. शादीशुदा लोगों में कैंसर का खतरा कम हो सकता है, जबकि जो लोग कभी शादी नहीं करते, उनमें कैंसर होने की संभावना काफी ज्यादा है. यह अध्ययन Cancer Research Communications जर्नल में प्रकाशित हुआ है.
रिसर्च के अनुसार कभी शादी न करने वाले पुरुषों में कैंसर का खतरा शादीशुदा, तलाकशुदा या विधवा/विधुर लोगों की तुलना में 68 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं कभी शादी न करने वाली महिलाओं में यह खतरा 83 प्रतिशत तक बढ़ जाता है. अध्ययन में अमेरिका के 40 लाख से ज्यादा कैंसर के मामलों का विश्लेषण किया गया.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक शादी कई वजहों से स्वास्थ्य की सुरक्षा करती है. शादीशुदा लोगों को पार्टनर का सामाजिक सहारा मिलता है. कोई बीमारी होने पर याद दिलाता है कि डॉक्टर के पास जाएं, नियमित चेकअप और कैंसर स्क्रीनिंग कराएं. समय पर इलाज शुरू होने से बीमारी का खतरा घट जाता है.
इसके अलावा शादीशुदा लोग आमतौर पर स्वस्थ आदतें अपनाते हैं. वे कम धूम्रपान करते हैं, ज्यादा शराब नहीं पीते और जोखिम भरे कामों से दूर रहते हैं. ये आदतें फेफड़े, गर्भाशय ग्रीवा और कई अन्य कैंसर से बचाव करती हैं. रिसर्च में पाया गया कि संक्रमण, धूम्रपान और शराब से जुड़े कैंसर में यह अंतर और भी ज्यादा है.
उदाहरण के लिए कभी शादी न करने वाले पुरुषों में एनल कैंसर का खतरा 5 गुना तक ज्यादा हो सकता है, जबकि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का खतरा लगभग 3 गुना बढ़ जाता है.
वैज्ञानिकों का कहना है कि शादी खुद कैंसर नहीं रोकती. असल में सपोर्ट सिस्टम महत्वपूर्ण है. परिवार, दोस्त या कम्युनिटी का सहारा भी वैसा ही फायदा दे सकता है. शादी न करने वाले लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता और सपोर्ट नेटवर्क बनाने की जरूरत है ताकि यह अंतर कम किया जा सके.
यह सिर्फ एक ऑब्जर्वेशनल स्टडी है. कुछ लोग स्वस्थ होने की वजह से शादी करते हैं, जबकि कुछ की आदतें शादी के बाद सुधरती हैं. इसलिए कारण और प्रभाव को पूरी तरह अलग करना मुश्किल है. फिर भी यह रिसर्च बताती है कि सामाजिक संबंध स्वास्थ्य पर कितना असर डालते हैं. यह स्टडी उन लोगों के लिए चेतावनी है जो अकेले रहना पसंद करते हैं. नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ जीवनशैली और मजबूत सोशल सपोर्ट बनाए रखना हर किसी के लिए जरूरी है – चाहे शादीशुदा हों या सिंगल.
स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कैंसर की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग, बैलेंस डाइट, व्यायाम और तनाव कम करना सबसे अच्छा तरीका है. शादी एक फैक्टर हो सकती है, लेकिन अकेले भी स्वस्थ रहना पूरी तरह संभव है.