लंबी उम्र के लिए सिर्फ चार आदतें....डॉ. नेने ने बताया अच्छी सेहत का अचूक फॉर्मूला
पाथफाइंडर हेल्थ साइंसेज के फाउंडर और भारतीय-अमेरिकी कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जन डॉ. श्रीराम नेने ने इंडिया टुडे के हेल्थवेल्थ समिट में अच्छी जिंदगी जीने के लिए 4 आदतों पर जोर दिया...
इस व्यस्तता भरे जीवन में अच्छी सेहत पाना सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है. समय के साथ मेडिकल साइंस ने खूब तरक्की की है लेकिन बेतरतीब जीवनशैली के कारण इंसान लगातार गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहा है. पाथफाइंडर हेल्थ साइंसेज के फाउंडर और भारतीय-अमेरिकी कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जन डॉ. श्रीराम नेने ने इंडिया टुडे के हेल्थवेल्थ समिट में अच्छी जिंदगी जीने के लिए 4 आदतों पर जोर दिया...
उन्होंने कहा कि लोगों की सोच को बीमारी के इलाज से आगे बढ़ाकर बीमारी से बचाव, शुरुआती पहचान और समय पर उपचार पर ध्यान देना चाहिए. इससे समय रहते बीमारी का पता लगाने और किसी भी बीमारी को गंभीर होने से पहले रोका जा सकेगा. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति जीवन में 4 आदतों को फॉलो कर ले तो वह कई बीमारियों से बच सकता है.
1. पोषण को दें प्राथमिकता
डॉ. नेने ने अच्छी सेहत के लिए पोषण को सबसे पहली प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि आपके खाने में प्रोटीन, सब्जियां, फल, साबुत अनाज और अन्य जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन होना चाहिए. नेने ने कहा कि ज्यादा नमक, चीनी और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड आपकी सेहत को खराब कर सकते हैं. ऐसे में इन्हें सीमित मात्रा में ही खाएं.
Also Read
2. खाने के बाद 15 मिनट तक जरूर टहलें
नेने ने कहा कि अच्छी सेहत के लिए हमेशा जिम जाना जरूरी नहीं. उन्होंने खाने के बाद 15 मिनट तक टहलने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि दिन में दो बार 15-15 मिनट का टहलना बहुत जरूरी है. इसके साथ नियमित व्यायाम और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी जरूरी है. इससे मांसपेशियों की ताकत और शारीरिक क्षमता को बनाए रखने में मदद मिलती है.
3. नींद और मानसिक तनाव को हल्के में ना लें
डॉ. नेने के मुताबिक, अच्छी नींद शरीर को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाती है. लगातार खराब नींद और मानसिक तनाव सेहत पर असर डाल सकते हैं. इसलिए समय पर सोएं और पूरी नींद लें. उन्होंने मानसिक तनाव ना लेने पर भी जोर दिया.
4. परिवार के साथ समय बिताना जरूरी
नेने ने परिवार और समुदाय से जुड़ाव को अच्छे स्वास्थ्य का अहम हिस्सा बताया है. उन्होंने खाने की मेज से मोबाइल को दूर रखने और परिवार के साथ बातचीत की सलाह दी. उन्होंने कहा कि परिवार के साथ समय बिताना रिश्तों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है.