जरीन खान पर टूटा दुखों का पहाड़, लंबी बीमारी के बाद एक्ट्रेस की मां का निधन; 65 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान की मां परवीन खान का 65 साल की उम्र में निधन हो गया है. लंबे समय से बीमार चल रही उनकी मां ने मुंबई में अंतिम सांस ली. इस खबर से फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां परवीन खान का 8 अप्रैल को मुंबई में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थीं और आखिरकार ऑर्गन फेलियर के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली. उनकी उम्र 65 साल थी.
जरीन खान की टीम की ओर से जारी बयान में इस दुखद खबर की पुष्टि की गई. बयान में कहा गया कि परवीन खान ने शांति से इस दुनिया को अलविदा कहा. साथ ही अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई. इस खबर के सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने शोक जताना शुरू कर दिया.
लंबे समय से चल रही थी बीमारी
ज़रीन खान अपनी मां की सेहत को लेकर पहले भी कई बार अपडेट साझा कर चुकी थीं. वह लगातार सोशल मीडिया पर फैंस से अपनी मां के लिए दुआ करने की अपील करती थीं. पिछले महीने उन्होंने बताया था कि उनकी मां ICU से बाहर आ गई हैं लेकिन अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. इससे पहले भी कई बार उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई थी.
फरवरी में अपने जन्मदिन के मौके पर जरीन खान ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि इस खास दिन को वह नहीं मना पाएंगी क्योंकि उनकी मां अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने अपने फैंस से अपील की थी कि वे उनकी माँ के लिए दुआ करें क्योंकि यही उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा.
फैंस और इंडस्ट्री में शोक
इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है. फैंस लगातार जरीन खान के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. हालांकि जरीन खान ने अभी तक इस घटना पर कोई व्यक्तिगत बयान साझा नहीं किया है.
यह समय जरीन खान और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन है. मां का जाना किसी भी इंसान के लिए सबसे बड़ा दुख होता है और ऐसे में फैंस और करीबियों का साथ बहुत मायने रखता है. हर कोई उनके इस दुख में उनके साथ खड़ा नजर आ रहा है.
और पढ़ें
- 'अपने बेटे को क्यों नहीं खड़ा कर पाए', इस कॉमेडियन ने भरी महफिल में उड़ाया अमिताभ बच्चन की मजाक, देखें वीडियो
- ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर फिर तीखे किए तेवर, चौथे हफ्ते तोड़े इन फिल्मों के रिकॉर्ड; बनी सबसे बड़ी फिल्म!
- कभी NASA जाने का सपना देखते थे अल्लू अर्जुन, इस फिल्म ने बदल दी किस्मत; आज हर दिल पर राज करते हैं 'पुष्पाराज'