'दिन में चूल्हे पे, रात को...', वेब सीरीज में युवराज सिंह के पिता योगराज के इस शर्मनाक डायलॉग पर बवाल, दर्ज हुई FIR
वर्ल्ड कप चैंपियन युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने वेब सीरीज लुख्खे में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दर्ज FIR मामले में अग्रिम जमानत मांगी है.
वर्ल्ड कप चैंपियन युवराज सिंह के पिता पूर्व क्रिकेटर और अभिनेता योगराज सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. Amazon Prime Video की वेब सीरीज लुख्खे के एक वायरल सीन को लेकर उनके खिलाफ चंडीगढ़ में FIR दर्ज की गई है. आरोप है कि सीरीज में बोले गए डायलॉग महिलाओं के प्रति अपमानजनक हैं. मामले के तूल पकड़ने के बाद योगराज सिंह ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है.
वायरल सीन से शुरू हुआ विवाद
यह पूरा मामला वेब सीरीज लुख्खे के एक सीन को लेकर सामने आया है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि योगराज सिंह के किरदार ने एक महिला पुलिस अधिकारी को लेकर ऐसा बोला, जिसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ माना जा रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी काफी आलोचना हुई. चंडीगढ़ के वकील उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई.
बेटे विक्टर सिंह ने क्या कहा?
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए योगराज सिंह के छोटे बेटे विक्टर सिंह ने फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि परिवार इस मुद्दे पर कानूनी सलाह ले रहा है और जल्दबाजी में कोई बयान नहीं देना चाहता. विक्टर ने इतना जरूर कहा कि कलाकार कई बार स्क्रिप्ट के दायरे में काम करते हैं. हालांकि उन्होंने विवादित डायलॉग को लेकर सीधे तौर पर कोई सफाई नहीं दी.