विवेक अग्निहोत्री ने की रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' की तारीफ, कहा- 'इकोसिस्टम जितना आकर्षक उतना ही खतरनाक'

विवेक ने फिल्म की तारीफ करते हुए आदित्य धर को चेतावनी भी दी. उन्होंने लिखा- 'इकोसिस्टम के प्रति सतर्क रहो; ये जितना आकर्षक है, उतना ही क्रूर भी हो सकता है.' उन्होंने फिल्म के कुछ कम चर्चित पहलुओं जैसे सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन की भी सराहना की.

x
Antima Pal

मुंबई: फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज की तारीफ की है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी. दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले विवेक पर दावा किया गया था कि उन्होंने यूट्यूबर ध्रुव राठी के उस वीडियो को लाइक किया, जिसमें फिल्म को 'प्रोपगैंडा' बताया गया था. लेकिन अब विवेक ने फिल्म की सराहना करते हुए डायरेक्टर आदित्य धर को सलाह भी दी है.

सोमवार को विवेक अग्निहोत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा कि वे कैलिफोर्निया के काउंट्रीसाइड से खास तौर पर लॉस एंजिल्स गए थे सिर्फ फिल्म देखने के लिए. पोस्ट में उन्होंने कहा- 'शाबाश! ब्रावो! फिर से शानदार काम किया, @AdityaDharFilms मैं सच में नहीं जानता क्या कहूं... जो कुछ भी मैं जोड़ूंगा वो शायद उस चीज पर शोर बन जाए जो खुद ही सब कुछ कह रही है.'

विवेक ने फिल्म की तारीफ करते हुए आदित्य धर को चेतावनी भी दी. उन्होंने लिखा- 'इकोसिस्टम के प्रति सतर्क रहो; ये जितना आकर्षक है, उतना ही क्रूर भी हो सकता है.' उन्होंने फिल्म के कुछ कम चर्चित पहलुओं जैसे सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन की भी सराहना की. धुरंधर: द रिवेंज आदित्य धर द्वारा निर्देशित जासूसी थ्रिलर फिल्म है. इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. 

फिल्म का पहला पार्ट दिसंबर 2025 में रिलीज हुआ था, जो बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रहा. दूसरा पार्ट भी रिलीज होते ही चर्चा में आ गया. दर्शकों का एक वर्ग फिल्म की कहानी और प्रेजेंटेशन की तारीफ कर रहा है, लेकिन कुछ लोग इसे प्रोपगैंडा बता रहे हैं. 

ध्रुव राठी ने फिल्म के दोनों पार्ट्स पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि यह फिल्म प्रोपगैंडा है और दर्शकों को सावधान रहना चाहिए. सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हुआ जिसमें दावा किया गया कि विवेक अग्निहोत्री ने ध्रुव राठी के उस वीडियो को लाइक किया है. कई लोग इसे विवेक की फिल्मों (जैसे द कश्मीर फाइल्स) को लेकर ध्रुव की पुरानी आलोचना से जोड़कर देख रहे हैं. विवेक अग्निहोत्री खुद विवादास्पद फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्में द कश्मीर फाइल्स और द बंगाल फाइल्स भी प्रोपगैंडा के आरोपों का सामना कर चुकी हैं.