'मैं भगवान नहीं हूं...', जब चाय पीते 'हनुमान' को देख पैर छूने लगे थे लोग; विंदू दारा सिंह को बतानी पड़ी थी असली पहचान
हनुमान के किरदार के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर विंदू दारा सिंह ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं, लेकिन भगवान हनुमान का रोल उनकी पहचान बन गया. एक बार शूटिंग के दौरान वह हनुमान के रूप में चाय पीने बाहर निकले तो उनके साथ कुछ ऐसा हुआ जो यादगार बन गया.
मुंबई: भारतीय टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार रहे हैं जिन्होंने अपने दमदार किरदारों से लोगों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्हीं नामी कलाकारों में से एक नाम विंदू दारा सिंह का भी है. विंदू ने फिल्मों में कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदारों तक कई अलग-अलग किरदार निभाए हैं. लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान भगवान हनुमान के किरदार से मिली थी. इस किरदार ने विंदू को घर घर में मशहूर बना दिया था.
6 मई 1964 को जन्मे विंदू दारा सिंह मशहूर पहलवान और एक्टर दारा सिंह के बेटे हैं. बचपन से ही उनके आसपास फिल्मों और अभिनय का माहौल था. दारा सिंह अपने समय के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते थे. ऐसे में लोगों की उम्मीदें विंदू से भी काफी ज्यादा बढ़ गई थीं. हालांकि अपने पिता जैसी बड़ी सफलता हासिल करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने इस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने की पूरी कोशिश की थी.
फिल्मों से शुरू हुआ विंदू दारा सिंह का करियर?
विंदू दारा सिंह ने साल 1994 में फिल्म 'करण' से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में छोटे लेकिन यादगार रोल निभाए. वह पार्टनर, मुझसे शादी करोगी और हाउसफुल जैसी कॉमेडी फिल्मों में भी नजर आए थे. भले ही उन्हें मेन लीड के तौर पर ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन अपनी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज से उन्होंने दर्शकों का ध्यान जरूर खींचा है.
उनकी खासियत यह रही कि वह हर किरदार में अपनी जान लगा देते थे. यही वजह थी कि छोटे रोल में भी उनकी मौजूदगी महसूस की जाती थी. धीरे धीरे उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में भी कदम रखा और वहां उन्हें एक ऐसा किरदार मिला जिसने उनकी जिंदगी बदल दी.
भगवान हनुमान के रोल ने से मिली पहचान
टीवी शो जय वीर हनुमान में भगवान हनुमान का किरदार निभाने के बाद विंदू दारा सिंह हर घर में मशहूर हो गए. इस रोल में उनका लुक और अभिनय लोगों को इतना ज्यादा पसंद किया गया कि कई दर्शक उन्हें सच में भगवान का रूप मानने लगे थे. शूटिंग के दौरान उन्हें भारी कॉस्ट्यूम और मेकअप में घंटों रहना पड़ता था. चेहरे पर मेकअप, शरीर पर गदा और हनुमान वाला पूरा रूप तैयार होने में काफी समय लगता था. लेकिन इसी दौरान एक ऐसा किस्सा हुआ जिसे आज भी लोग बड़े मजे से सुनते हैं.
एक दिन शूटिंग के बीच ब्रेक में विंदू दारा सिंह उसी हनुमान वाले रूप में चाय पीने के लिए बाहर चले गए. उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि बाहर मौजूद लोग उन्हें देखकर इस तरह रिएक्ट करेंगे. जैसे ही लोग उनकी तरफ देखने लगे, माहौल बदल गया. कई लोगों ने उन्हें सच में भगवान हनुमान समझ लिया. तो वहीं कुछ लोगों ने उन्हें देखकर हाथ जोड़ लिए.
विंदू दारा सिंह खुद इस स्थिति को देखकर हैरान रह गए. उन्होंने हंसते हुए लोगों से कहा कि वह भगवान नहीं बल्कि एक्टर विंदू दारा सिंह हैं. इसके बाद वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे. यह मजेदार पल बाद में उनके जीवन के सबसे यादगार किस्सों में शामिल हो गया.