तमिल फिल्म इंडस्ट्री को झटका, कार एक्सीडेंट में मशहूर प्रोड्यूसर आरबी चौधरी का निधन
मशहूर प्रोड्यूसर आरबी चौधरी का मंगलवार को उदयपुर में कार दुर्घटना में निधन हो गया. उनकी टीम ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है. उनका शव कल चेन्नई लाया जाएगा. सुपर गुड फिल्म्स के संस्थापक आरबी चौधरी दक्षिण भारतीय सिनेमा में एक जाना-पहचाना नाम थे.
मुंबई: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर प्रोड्यूसर आरबी चौधरी का मंगलवार को उदयपुर में कार दुर्घटना में निधन हो गया. उनकी टीम ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है. उनका शव कल चेन्नई लाया जाएगा. सुपर गुड फिल्म्स के संस्थापक आरबी चौधरी दक्षिण भारतीय सिनेमा में एक जाना-पहचाना नाम थे. उन्होंने दशकों तक फिल्में बनाईं और कई यादगार फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाया.
कार एक्सीडेंट में मशहूर प्रोड्यूसर आरबी चौधरी का निधन
उनकी टीम ने एक बयान जारी कर कहा- 'लेजेंडरी फिल्म प्रोड्यूसर आरबी चौधरी सर के उदयपुर में कार एक्सीडेंट में गुजर जाने की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ. भारतीय सिनेमा, खासकर तमिल और तेलुगु इंडस्ट्री में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. यह फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके परिवार और परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.'
सुपर गुड फिल्म्स के बैनर तले दी कई सुपरहिट फिल्में
आरबी चौधरी मुख्य रूप से तमिल और तेलुगु फिल्मों के साथ-साथ मलयालम और हिंदी सिनेमा में भी सक्रिय रहे. उन्होंने सुपर गुड फिल्म्स के बैनर तले कई सफल फिल्में प्रोड्यूस कीं. उनकी फिल्में कहानी, संगीत और कलाकारों के बेहतरीन चयन के लिए जानी जाती थीं. दक्षिण भारतीय सिनेमा के विकास में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा. उन्होंने नए-नए निर्देशकों और कलाकारों को मौका देकर भी इंडस्ट्री को मजबूत किया.
फिल्म जगत को झकझोर गई प्रोड्यूसर की मौत
उनकी अचानक हुई यह मौत पूरे फिल्म जगत को झकझोर गई है. तमिल, तेलुगु और अन्य भाषाओं के कई सितारे, निर्देशक और प्रोड्यूसर सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर रहे हैं. उनके चाहने वाले उन्हें एक सादगी भरे और मेहनती प्रोड्यूसर के रूप में याद करते हैं, जो हमेशा फिल्म की गुणवत्ता पर ध्यान देते थे.
निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
आरबी चौधरी ने अपने लंबे करियर में दर्जनों फिल्मों को मूर्त रूप दिया. उनकी कई फिल्में कमर्शियल सफलता के साथ-साथ आलोचकों द्वारा भी सराही गईं. वे उन प्रोड्यूसर्स में शामिल थे जिन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा को देशभर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. परिवार, दोस्तों और पूरे सिनेमा जगत के लिए यह बेहद मुश्किल समय है. कल जब उनका शव चेन्नई पहुंचेगा तो श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहेंगे.