Rakshabandhan 2026

Toxic के म्यूजिक लॉन्च में यश का जलवा, तबाही-मदहोश के बाद अब पूरे एल्बम ने मचाई धूम

यश की मोस्टअवेटेड फिल्म Toxic A Fairy Tale for Grown Ups का भव्य म्यूजिक लॉन्च मुंबई में हुआ. इवेंट में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी समेत फिल्म की टीम मौजूद रही. एल्बम में तबाही, मदहोश और वक्त जैसे गाने शामिल हैं.

India Daily
Babli Rautela

मुंबई में संगीत और सिनेमा का एक शानदार संगम देखने को मिला, जब जी म्यूजिक कंपनी, KVN प्रोडक्शन्स और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने फिल्म Toxic A Fairy Tale for Grown Ups के मोस्टअवेटेड म्यूजिक एल्बम को लॉन्च किया. यह फिल्म साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है और इसके म्यूजिक को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.

म्यूजिक लॉन्च इवेंट में रॉकिंग स्टार यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी नजर आईं. फिल्म के निर्माता, संगीतकार, गायक और क्रिएटिव टीम के कई सदस्य भी इस खास शाम का हिस्सा बने.

लाइव परफॉर्मेंस से सजी संगीत की शाम

Toxic के म्यूजिक लॉन्च को यादगार बनाने के लिए कई शानदार लाइव परफॉर्मेंस आयोजित की गईं. सिद्धार्थ बसुरूर ने मदहोश की दमदार प्रस्तुति दी. वहीं जोनिता गांधी ने Toxic के हिंदी में अभी रिलीज नहीं हुए गाने चिंगारियां के साथ अंग्रेजी ट्रैक की प्रस्तुति दी. बॉलीवुड के मशहूर DJ गणेश ने भी अपनी परफॉर्मेंस से माहौल में जबरदस्त ऊर्जा भर दी. इसके बाद विशाल मिश्रा ने वक़्त पर पहली बार लाइव परफॉर्म किया. उन्होंने अपनी प्रस्तुति को तबाही जैसे दर्शकों के पसंदीदा गाने के साथ खत्म किया.


यश-स्टारकास्ट ने बढ़ाई इवेंट की रौनक

लॉन्च इवेंट के दौरान यश, कियारा आडवाणी और तारा सुतारिया समेत फिल्म की टीम ने दर्शकों के साथ बातचीत भी की. विशाल मिश्रा के मंच से नीचे आकर कलाकारों और दर्शकों के बीच पहुंचने का पल भी खास रहा. इस पूरे कार्यक्रम में Toxic की दुनिया और उसके संगीत को बड़े स्तर पर पेश किया गया. फिल्म की कहानी की तरह इसके संगीत में भी अलग अलग भावनाओं और शैलियों को शामिल करने की कोशिश की गई है.

पांच भाषाओं में रिलीज होगी एल्बम

Toxic की म्यूजिक हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी. एल्बम में अलग अलग तरह के संगीत का मिश्रण सुनने को मिलेगा. तबाही और मदहोश के बाद वक़्त भी दर्शकों के बीच अपनी जगह बना चुका है. वक़्त में EDM, साइकेडेलिक, डबस्टेप और टेक्नो जैसे म्यूजिक स्टाइल को भावनात्मक बोलों के साथ जोड़ा गया है. इसके अलावा पीकाबू एक हाई एनर्जी म्यूजिक अनुभव देने वाला ट्रैक है, जबकि चिंगारियां में पॉप म्यूजिक का अंदाज देखने को मिलता है. एल्बम में हिज ऑरा हिट्स यू, फादर एंड सन और ब्लड ऑन ब्लड जैसे ट्रैक भी शामिल हैं.

कई बड़े नामों ने तैयार किया Toxic का म्यूजिक

फिल्म के संगीत में विशाल मिश्रा, रवि बसुरूर, तनिष्क बागची, अर्सलान निज़ामी और फहीम अब्दुल्ला जैसे संगीतकारों का योगदान है. विशाल मिश्रा ने तबाही, वक़्त, चिंगारियां और पीकाबू जैसे गानों पर काम किया है, जबकि रवि बसुरूर ने फिल्म का ओरिजिनल स्कोर तैयार किया है. एल्बम में विशाल मिश्रा, श्रेया घोषाल, सिद्धार्थ बसुरूर, जोनिता गांधी समेत कई मशहूर गायकों की आवाजें सुनाई देंगी. गानों के बोल पांच भाषाओं के अलग अलग गीतकारों ने लिखे हैं.