अस्पताल के बेड पर लेटे हुए 'द 50' फेम रजत दलाल ने डाली फोटो, फैंस हैरान, जानें आखिर क्या हुआ
'द 50' के कंटेस्टेंट रजत दलाल अब हेल्थ अपडेट के साथ सुर्खियों में हैं. शो के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्होंने सर्जरी कराई है. राजत ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट शेयर कर फैंस को बताया कि सब ठीक है.
मुंबई: सोशल मीडिया स्टार और रियलिटी शो 'द 50' के कंटेस्टेंट रजत दलाल अब हेल्थ अपडेट के साथ सुर्खियों में हैं. शो के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्होंने सर्जरी कराई है. रजत ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट शेयर कर फैंस को बताया कि सब ठीक है. रजत ने पहले कुछ फोटोज पोस्ट कीं, जिसमें वे अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे थे.
'गिर गिरके ही इंसान उठना सीखता है!'
कैप्शन था- 'गिर गिरके ही इंसान उठना सीखता है!' फैंस ने कमेंट्स में पूछना शुरू कर दिया कि क्या हुआ. जवाब में रजत ने अपना MRI रिपोर्ट शेयर किया और एक वीडियो भी डाला. रिपोर्ट में लिखा है - उनके दाहिने कोहनी के ट्राइसेप्स टेंडन में पूरा मोटाई वाला फटाव है और टूटे हिस्से करीब 3 सेमी पीछे खिंच गए हैं. वीडियो में रजत ने बताया, "सब पूछ रहे हैं कि हुआ क्या है. ‘द 50’ के पहले दिन के शूट पर ही मुझे टेंडन टियर हो गया था. फुल थिकनेस टियर था, शुरू में 2.8 सेमी का. फिर बाद में एक और टास्क के दौरान चोट और बढ़ गई, 3 सेमी हो गई.'
उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने शुरू से ही सर्जरी की सलाह दी थी, लेकिन शो की कमिटमेंट और उनका अपना मन नहीं था छोड़ने का. इसलिए उन्होंने पूरा शो फिनिश किया. कल जो टास्क ब्रॉडकास्ट हुआ, उसी दौरान चोट लगी थी. राजत ने आगे कहा- 'मैंने शो नहीं छोड़ा, सारे टास्क पूरे किए. अब आखिरकार जिस डॉक्टर से सर्जरी करानी थी, उनकी डेट मिल गई. आज सर्जरी हो गई है और बहुत अच्छी हुई है.' उन्होंने फैंस को आश्वस्त किया कि अब रिकवरी का समय है और जल्द ही वे वापस आएंगे.
‘द 50’ एक चैलेंजिंग रियलिटी शो है, जहां कंटेस्टेंट्स को कई फिजिकल टास्क करने पड़ते हैं. रजत दलाल ने शो में अपनी मेहनत और जज्बे से काफी इम्प्रेशन बनाया था. उनकी यह इंजरी फैंस के लिए चिंता का विषय बनी, लेकिन रजत की पॉजिटिव अपडेट से सब राहत महसूस कर रहे हैं.
फैंस कमेंट्स में लिख रहे हैं - "भाई तू वाकई जज्बाती है!", "जल्दी ठीक हो जा", "शो पूरा करना आसान नहीं था, रिस्पेक्ट!" रजत की यह हिम्मत दिखाती है कि वे कितने डेडिकेटेड हैं. अब वे रिकवर होकर जल्द ही सोशल मीडिया और नए प्रोजेक्ट्स में वापसी करेंगे. फिलहाल रजत दलाल अस्पताल से घर लौटने की तैयारी में हैं और फैंस उनकी सेहत के लिए दुआएं कर रहे हैं.